एसीबी की बड़ी कार्रवाई: सहायक लेखाधिकारी नूतन शाह ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

एसीबी की बड़ी कार्रवाई: सहायक लेखाधिकारी नूतन शाह ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

उदयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी, यूनिट उदयपुर ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग, कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, वृत्त गोगुंदा की सहायक लेखाधिकारी श्रीमती नूतन शाह को ₹5,000 की रिश्वत लेते हुए उनके ही कार्यालय में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 21 मई 2025 को एसीबी, यूनिट उदयपुर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्हें अक्टूबर 2024 से अब तक उनका वेतन/मानदेय प्राप्त नहीं हुआ है। इस संबंध में वे लगातार नूतन शाह से संपर्क कर रही थीं, लेकिन नूतन शाह कोई न कोई कारण बताकर वेतन/मानदेय का भुगतान नहीं कर रही थीं।

शिकायत में आगे बताया गया कि पिछले तीन-चार दिनों से श्रीमती नूतन शाह द्वारा शिकायतकर्ता और सह-शिकायतकर्ता से अलग-अलग ₹4,500 (कुल ₹9,000) की रिश्वत की राशि देने का दबाव बनाया जा रहा था, और इस संबंध में उन्हें कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, वृत्त गोगुंदा बुलाया जा रहा था।

परिवादिया द्वारा दी गई सूचना का श्री अनंत कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, चौकी उदयपुर द्वारा सत्यापन करवाया गया, तो आरोपिया नूतन शाह द्वारा रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपिया ने शिकायतकर्ता और सह-शिकायतकर्ता से अलग-अलग ₹2,000 (कुल ₹4,000) रिश्वत के रूप में प्राप्त भी किए थे।

आज श्री शिवराज मीना, उप महानिरीक्षक पुलिस, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कोटा रेंज, कोटा के पर्यवेक्षण में श्री अनंत कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, उदयपुर के निर्देशानुसार श्री नरपत सिंह, पुलिस निरीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, चौकी उदयपुर मय टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही को अंजाम दिया गया। इस दौरान श्रीमती नूतन शाह को उनके कार्यालय में ₹5,000 की रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को बल मिला है और सरकारी विभागों में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

#एसीबी #भ्रष्टाचारनिरोधीब्यूरो #उदयपुर #गोगुंदा #रिश्वतखोरी #नूतनशाह #गिरफ्तार #महिलाएवंबालविकासविभाग #आंगनबाड़ी #भ्रष्टाचारमुक्तराजस्थान

G News Portal G News Portal
173 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.