जोधपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जोधपुर शहर टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलाड़ा के राजकीय ट्रॉमा सेंटर के चिकित्साधिकारी डॉ. बुधराज बिश्नोई को ₹3 लाख 70 हज़ार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत की रकम उन्होंने संविदा नियुक्ति दिलाने के लिए कथित तौर पर जोधपुर ग्रामीण के CMHO डॉ. मोहनदान देथा के नाम पर मांगी थी।
ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि जोधपुर शहर इकाई को शिकायत मिली थी कि डॉ. बुधराज बिश्नोई परिवादी के भाई को फार्मासिस्ट पद पर संविदा नियुक्ति दिलाने के लिए ₹3 लाख और एक अन्य व्यक्ति को सफाई कर्मी पद के लिए ₹50 हज़ार से ₹1 लाख तक की राशि CMHO डॉ. मोहनदान देथा के नाम पर मांग रहे थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद उप महानिरीक्षक पुलिस भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। ACB ने डॉ. बिश्नोई को ₹3.70 लाख रिश्वत लेते मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
ACB की ट्रैप कार्रवाई का 156 सेकंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें गिरफ्तार डॉ. बिश्नोई अधिकारियों से कहते सुनाई दे रहे हैं कि "MLA के बेटे का भी नाम लिखो।" इस पर ASP चक्रवर्ती सिंह ने उन्हें पूछताछ के दौरान पूरी बात बताने को कहा। हालांकि डॉ. बिश्नोई ने वीडियो में किसी विधायक का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका यह बयान मामले की जांच को नई दिशा दे सकता है।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि ACB की सत्यापन रिकॉर्डिंग में डॉ. बिश्नोई द्वारा CMHO डॉ. मोहनदान देथा के नाम पर रिश्वत मांगने की बात सामने आई है। डॉ. देथा को महज एक महीने पहले ही CMHO (जोधपुर ग्रामीण) का पद मिला है।
गोविंद गुप्ता ने बताया कि अब ACB की टीम मामले की गहन जांच कर रही है और CMHO डॉ. मोहनदान देथा से भी पूछताछ हो सकती है। संविदा भर्तियों में भ्रष्टाचार के इस मामले ने जिले के स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#ACBTrap #जोधपुररिश्वतकांड #डॉक्टरगिरफ्तार #CMHO #संविदाभर्तीभ्रष्टाचार #भ्रष्टाचारनिरोधकब्यूरो #राजस्थानACB #स्वास्थ्यविभाग
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.