हिंडौन सिटी (करौली)। 18 मई। हिंडौन जाटव बस्ती चुंगी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति के पास संचालित शराब की दुकान को लेकर सोमवार को जाटव समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। दुकान को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग को लेकर 'जाटव समाज सुधार समिति (करौली, सवाई माधोपुर, दौसा) 360 गांव' के अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार के नेतृत्व में युवाओं ने उपखंड अधिकारी (SDO) के नाम एक ज्ञापन सौंपकर शराब ठेके की लोकेशन तत्काल बदलने की मांग उठाई।
यह ज्ञापन तहसीलदार हिंडौन, पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षु) श्रेष्ठ दीक्षित एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को सौंपा गया।
सौंपे गए ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि उक्त शराब की दुकान नियमों को ताक पर रखकर सुबह लगभग 5 बजे से ही खुल जाती है और देर रात 11 बजे तक अवैध रूप से संचालित रहती है। इसके कारण क्षेत्र का माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है। दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहने से स्थानीय महिलाओं, स्कूली बच्चों और आमजन को वहां से गुजरने में भारी मानसिक और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस विवादित ठेके को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं का गुस्सा पहले ही सड़क पर फूट चुका है। महिलाओं ने करीब चार घंटे तक रोड जाम कर उग्र विरोध प्रदर्शन किया था। जब इसकी सूचना जाटव समाज सुधार समिति के अध्यक्ष हरिओम ठेकेदार को मिली, तो वे दिल्ली जाते समय मुंबई एक्सप्रेस-वे से बीच रास्ते से ही वापस हिंडौन लौटे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान आबकारी विभाग, कई थानों की पुलिस और तहसीलदार हिंडौन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया था।
समिति के पदाधिकारियों और समाज के युवाओं ने प्रशासन को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर इस शराब दुकान की लोकेशन को आबादी क्षेत्र से दूर नहीं बदला गया, तो क्षेत्र की महिलाएं और समाज के लोग एक बार फिर से सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि इस बार होने वाला आंदोलन पहले से कहीं अधिक उग्र और व्यापक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गौरव, रजत, मुकेश, वीरेंद्र सहित जाटव समाज के कई युवा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने प्रशासन से जनभावनाओं और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही उचित और दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
#KarauliNews #HindaunCity #PublicProtest #LiquorShopControversy #JatavSamaj #JatavBastiChungi #RajasthanPolice #AdminWarning
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.