जोधपुर। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के लूणी थाना क्षेत्र में लड़की को भगा ले जाने के मामले में ग्रामीणों के गुस्से ने हिंसक रूप ले लिया। युवती को भगाकर ले जाने वाले युवक को गांव वापस आना भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने युवक की गाड़ी का पीछा कर उसे रोक लिया और जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, हमलावरों ने युवक की नाक काट दी और उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान दिनेश बिश्नोई निवासी काग नाहा नैणासर गांव के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर उसे देर शाम मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
एसीपी आनंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि दिनेश बिश्नोई आठ दिन पहले दूसरे गांव की एक युवती को भगा ले गया था। पुलिस और ग्रामीणों के दबाव के बाद गुरुवार को युवक ने युवती को छोड़ दिया, जो रात में थाने पहुंच गई।
शुक्रवार दोपहर जब दिनेश अपने गांव आया, तो ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी गाड़ी का पीछा किया, उसे रोककर बेरहमी से पीटा, गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसकी नाक काट दी। हमले में दिनेश के हाथ-पैर में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है।
लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि दिनेश के खिलाफ 26 दिसंबर को युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। दबाव के बाद युवती को छोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि दिनेश पहले एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है और पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया था। इसके अलावा वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में भी आरोपी है और जमानत पर छूटने के बाद अदालत में पेश नहीं हो रहा है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.