कोटा: रेलवे में अधिकारियों द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से दुर्व्यवहार का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीलोदा स्टेशन का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और घटना सामने आ गई है। सहायक मंडल इंजीनियर दूरसंचार एवं संकेत (ADSTE) आदर्श गुप्ता पर अपने अधीनस्थ से गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। इस घटना का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले को लेकर रेलवे मजदूर संघ की बारां शाखा ने शुक्रवार को आदर्श गुप्ता के कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। संघ के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि आदर्श गुप्ता ने अपने व्यवहार में सुधार नहीं किया, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
रेलवे मजदूर संघ के कोटा उपमंडल सचिव अनिल सैनी ने बताया कि आदर्श गुप्ता का व्यवहार अपने स्टाफ के साथ बिल्कुल भी ठीक नहीं है। वे अक्सर अपने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हैं और गाली-गलौज भी करते हैं। सैनी ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के साथ अधिकारी की इस तरह की भाषा-शैली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति होती है, तो संघ द्वारा कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में संघ शाखा अध्यक्ष रोशन कुमार, सचिव बबलू महावर, यशपाल फौजदार और मुकुट बिहारी मीणा सहित बड़ी संख्या में अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
यह सात दिनों के भीतर किसी अधिकारी द्वारा कर्मचारी के साथ गाली-गलौज का दूसरा मामला है। इससे पहले, शनिवार को गंगापुर-बयाना रेल खंड स्थित पीलोदा स्टेशन के पास मंडल इंजीनियर ऐश्वर्या आलोक, सहायक मंडल इंजीनियर गंगापुर एके जैन और वरिष्ठ खंड अभियंता रेल पथ समय सिंह मीना द्वारा इलेक्ट्रिकल सिग्नल मेंटेनर (ESM) लखन लाल से कॉलर पकड़कर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया था। हालांकि, मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से शिकायत के बावजूद इस मामले में अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
#रेलवेदुर्व्यवहार #कोटारेलवे #मजदूरसंघविरोध #गालीगलौज #रेलवेकर्मचारी #न्यायकीमांग #आदर्शगुप्ता #पीलोदास्टेशन
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.