जयपुर, 09 जुलाई 2025: राजस्थान उच्च न्यायालय की लिपिक भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर नकल करने के मामले में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने एक महिला अभ्यर्थी संगीता विश्नोई को गिरफ्तार किया है। संगीता विश्नोई ने इस अनुचित तरीके से परीक्षा पास कर ली थी और कोर्ट में लिपिक के पद पर कार्यरत हो गई थी। यह मामला पौरव कालेर गैंग द्वारा हाईकोर्ट लिपिक भर्ती की लिखित परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल कराने से जुड़ा है।
एसओजी-एटीएस के एडीजी वीके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा कनिष्ठ न्यायिक सहायक लिपिक ग्रेड-द्वितीय एवं लिपिक ग्रेड-द्वितीय के पदों पर सीधी भर्ती के लिए संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2022 की लिखित परीक्षा 12 मार्च 2023 और 19 मार्च 2023 को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की गई थी। आरोपी संगीता विश्नोई ने आरएनबी विश्वविद्यालय स्थित केंद्र पर 19 मार्च 2023 को यह परीक्षा दी थी। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है।
सालासर से बताए थे जवाब: एडीजी सिंह ने आगे बताया कि एसओजी की पड़ताल में सामने आया है कि संगठित नकल गिरोह के सरगना पौरव कालेर ने संगीता विश्नोई को परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ के जरिए नकल करवाई थी। पौरव कालेर ने सालासर की एक होटल में बैठकर मोबाइल कॉल के माध्यम से अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर बताए थे।
देसूरी कोर्ट में थी पदस्थापित: सिंह ने बताया कि एसओजी की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संगीता विश्नोई ने सार्वजनिक प्रतियोगी परीक्षा में नकल कर धोखाधड़ी से कनिष्ठ लिपिक (ग्रेड-2) के रूप में चयन प्राप्त किया था। वह वर्तमान में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, देसूरी (पाली) में पदस्थापित थी। कनिष्ठ श्रेणी लिपिक (ग्रेड-2) के पद पर धोखाधड़ी से चयनित होने का आरोप प्रमाणित होने पर अनुसंधान अधिकारी एएसपी प्रकाश कुमार शर्मा ने संगीता विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान जारी है।
#जयपुर #एसओजी #नकल #हाईकोर्ट #लिपिकभर्ती #संगीताविश्नोई #ब्लूटूथ #अनुचितसाधन #पौरवकालेर #राजस्थानपुलिस #गिरफ्तारी #देसूरीकोर्ट #परीक्षाधांधली
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.