जयपुर। राजस्थान सरकार ने अपने दूसरे पूर्ण बजट में प्रदेशवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की हैं। वित्तमंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन राशि बढ़ाने की घोषणा की। अब प्रदेश के वृद्धजनों, दिव्यांगों, विधवाओं और लघु एवं सीमांत किसानों को हर महीने 1250 रुपये पेंशन मिलेगी।
इस बार का बजट ‘ग्रीन थीम बजट’ के रूप में पेश किया गया है। इसके तहत ग्रीन बिल्डिंग्स, सोलर एनर्जी, ई-व्हीकल्स और प्रदूषण नियंत्रण जैसी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नई योजनाएँ लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत पेंशन राशि में समय-समय पर वृद्धि की जाती रही है। शुरुआत में यह राशि 500 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे 2019 में बढ़ाकर 750 रुपये किया गया। 2023 में इसे 15% वार्षिक बढ़ोत्तरी के साथ 1000 रुपये कर दिया गया था। अब भजनलाल सरकार ने इसे बढ़ाकर 1250 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। इस योजना से प्रदेश के 90 लाख से अधिक लाभार्थी लाभान्वित होंगे।
बजट में महिलाओं और दिव्यांगों के लिए भी राहत दी गई है। दिया कुमारी ने घोषणा की कि इन वंचित वर्गों के लिए संचालित आवास योजना के अंतर्गत प्रति लाभार्थी 3250 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
राज्य सरकार ने बच्चों की देखभाल और संरक्षण के लिए भी बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के 10 जिलों में चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट स्थापित किए जाएंगे, जिससे जरूरतमंद बच्चों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।
भजनलाल सरकार के इस बजट को आमजन के लिए लाभकारी माना जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से वृद्धजनों, महिलाओं और किसानों को राहत देने पर जोर दिया गया है।
#RajasthanBudget2025 #PensionIncrease #DiyaKumari #BhajanlalSharma #SocialSecurity
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.