जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने प्रदेश के गांवों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा की है। पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने साफ किया कि राज्य सरकार अब गांवों की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने जा रही है। चाकसू विधायक रामावतार बैरवा के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री दिलावर ने कहा कि अब प्रत्येक पंचायत को 10 लाख रुपए सफाई कार्यों के लिए दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यदि पंचायतों को मिलने वाली राशि कम पड़ी तो स्वच्छ भारत मिशन के तहत अतिरिक्त राशि भी खर्च की जाएगी। सफाईकर्मियों को प्रतिदिन न्यूनतम 297 रुपए मजदूरी दी जा रही है।
मंत्री मदन दिलावर ने सदन में कहा कि पहले भी गांवों की सफाई के लिए फंड आता था, लेकिन इसका सही उपयोग नहीं हुआ। अब सरकार यह जांच कराएगी कि सफाई के पैसों का दुरुपयोग किसने किया और वह पैसा कहां गया। उन्होंने कहा कि अब गांवों में सफाई का कार्य शहरों की तर्ज पर किया जाएगा।
अप्रैल माह में विकास अधिकारी से लेकर पंचायत राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी गांवों का निरीक्षण करेंगे और सफाई व्यवस्था का आकलन करेंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सुझाव दिया कि केवल एक विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में सफाई व्यवस्था की जांच होनी चाहिए।
विधानसभा में कांग्रेस के हंगामे और वॉकआउट पर उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर तंज कसते हुए कहा कि वे ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत का पालन करें और डिप्टी स्पीकर बनने का प्रयास न करें। राठौड़ ने कहा कि स्पीकर ने हर सवाल पर नेता प्रतिपक्ष को पूरक सवाल पूछने का अवसर दिया, फिर भी कांग्रेस ने हंगामा कर सदन की कार्यवाही बाधित की।
#RajasthanAssembly #BhajanlalSharma #MadanDilawar #RajasthanNews #VillageCleanliness #PanchayatiRaj #SwachhBharatMission #VasudevDevnani #RajyavardhanRathore #RajasthanPolitics #CongressWalkout
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.