कोटा: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पर अवैध वसूली के आरोप थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सवाई माधोपुर के बाद अब भवानीमंडी आरपीएफ पर एक स्टॉल संचालक से अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित स्टॉल संचालक ने इस मामले की शिकायत कोटा मंडल रेल प्रशासन और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) से की है।
शिकायतकर्ता जाकिर हुसैन ने बताया कि उन्होंने भवानीमंडी स्टेशन पर एक महीने पहले ही खान-पान की एक स्टॉल किराए पर ली है। 7 जुलाई को दोपहर में उनके साइकिल स्टैंड पर काम करने वाले अशोक कुमार और मोहम्मद सोहेल, स्टॉल पर बैठे उनके बेटे को खाने का टिफिन देने गए थे। इसी दौरान, स्टॉल पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने बिना किसी कारण के तीनों को पकड़ लिया और बेल्टों से बुरी तरह मारा-पीटा। इसके बाद, आरपीएफ वाले अशोक और सोहेल को चौकी पर ले गए।
जाकिर हुसैन का आरोप है कि आरपीएफ ने बड़ी मुश्किल से दोनों को छोड़ा। इस दौरान, दोनों को छुड़ाने गए उनके दूसरे पुत्र मोहम्मद शोएब को भी आरपीएफ जवानों ने थप्पड़ मारे और पैसे नहीं देने पर परिवार का भविष्य खराब करने की धमकी दी।
जाकिर हुसैन ने अपनी शिकायत में बताया कि आरपीएफ ने यह कार्रवाई 5 हजार रुपये नहीं देने के बाद की है। आरपीएफ ने घटना के लगभग आठ दिन पहले ही उनके बेटे से 5 हजार रुपये देने की मांग की थी और कहा था कि अगर यहां पर स्टॉल चलाना है, तो 5 हजार रुपये प्रति माह देना होगा। उनके बेटे ने आरपीएफ को पैसे देने से मना कर दिया था, जिससे नाराज होकर आरपीएफ कर्मियों ने यह हरकत की है। जाकिर ने अपनी शिकायत में पोस्ट प्रभारी सब इंस्पेक्टर महाराज सिंह सहित पैसे मांगने और मारपीट करने वाले जवानों के नाम भी लिखे हैं।
जाकिर हुसैन ने अधिकारियों से मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरपीएफ द्वारा निकट भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है। जाकिर ने यह शिकायत नई दिल्ली रेलवे बोर्ड आरपीएफ डीजी, जबलपुर आईजी, कोटा डीआरएम, जीआरपी, सीनियर डीसीएम और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त को भी भेजी है।
आरपीएफ पर अवैध वसूली का आरोप लगने की यह चार दिन में दूसरी घटना है। इससे पहले, गुरुवार को ही पुणे-जयपुर ट्रेन के पैंटीकार मैनेजर ने सवाई माधोपुर आरपीएफ पर हर महीने 3 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था। पैसे नहीं देने पर आरपीएफ ने मैनेजर सहित पैंटीकार के सभी वेंडरों और सामान को सवाई माधोपुर स्टेशन पर उतार दिया था और दो वेंडरों पर केस भी दर्ज किया था।
हालांकि, भवानीमंडी आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी सब इंस्पेक्टर महाराज सिंह ने जाकिर द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। महाराज सिंह ने कहा, "जाकिर द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह गलत हैं। यह लोग स्टेशन पर न्यूसेंस पैदा करते हैं। इसके लिए इन्हें मना किया जाता है। इसी बात से चिढ़कर इन्होंने यह आरोप लगाए हैं।"
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.