जयपुर : जयपुर एसीबी ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटखावदा तहसील के हरिनारायणपुरा पटवारी कुलदीप सिंह और हरिपुर ग्राम पंचायत सरपंच के पति रामस्वरूप को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से कृषि भूमि का नामांतरण खोलने के एवज में यह रिश्वत राशि ली गई थी।
एसीबी के डीजी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा के मुताबिक, एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 पर एक शिकायत मिली थी जिसमें कहा गया था कि पटवारी कुलदीप सिंह और सरपंच पति रामस्वरूप कृषि भूमि का दत्तक ग्रहण के आधार पर नामांतरण खोलने के लिए 9000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने पर जयपुर एसीबी के डीआईजी अनिल कयाल के सुपरविजन में एसीबी की जयपुर ग्रामीण इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सियाग के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और शुक्रवार को पुलिस इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में एक ट्रैप ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पटवारी कुलदीप सिंह और सरपंच पति रामस्वरूप को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
एसीबी की अपील
एसीबी ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत एसीबी को सूचित करें। एसीबी के टोल फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.