सवाई माधोपुर/गंगापुर सिटी | 06 जनवरी, 2026 सवाई माधोपुर जिला पुलिस को नए साल की शुरुआत में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार (IPS) के निर्देशन में गठित DST टीम ने गंगापुर सिटी में हुए सनसनीखेज फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी दीपक बैंसला उर्फ डीसी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
घटनाक्रम के अनुसार, 2 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2:00 बजे माल गोदाम रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने महेन्द्र उर्फ काडू पहलवान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में काडू पहलवान को तीन गोलियां लगी थीं, जबकि पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया था। इस घटना के बाद शहर में दहशत फैल गई थी और थाना कोतवाली गंगापुर सिटी में धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। सूचना मिलने पर DST टीम ने आरोपी दीपक बैंसला को दिल्ली से डिटेन किया। जब टीम उसे लेकर गंगापुर सिटी लौट रही थी, तब नादोती चौराहे के पास आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई।
गाड़ी से उतरते ही दीपक पुलिस को चकमा देकर खेतों और खाली प्लॉटों की तरफ भागने लगा। DST टीम और थानाधिकारी करण सिंह राठौड़ ने तुरंत घेराबंदी की और काफी मशक्कत के बाद उसे दबोच लिया। भागने के दौरान ऊँची दीवारों से कूदने के कारण आरोपी के हाथ-पैरों में चोटें आईं और वह लंगड़ाने लगा। पुलिस ने उसे तुरंत राजकीय चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य बदमाश कृष्णा गुर्जर ने आपसी रंजिश के चलते दीपक बैंसला और अन्य साथियों के साथ मिलकर महेन्द्र उर्फ काडू पर फायरिंग करवाई थी। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 07 बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
इस महत्वपूर्ण सफलता में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही:
श्री करण सिंह राठौड़: थानाधिकारी, गंगापुर सिटी
श्री राजवीर सिंह: उप निरीक्षक (इंचार्ज DST टीम)
कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार व घनश्याम: (विशेष भूमिका)
कांस्टेबल कैलाशचंद, राजेन्द्र सिंह धाकड़, व राजपाल।
सवाई माधोपुर पुलिस का ध्येय वाक्य "आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय" एक बार फिर चरितार्थ हुआ है।
#RajasthanPolice #SawaiMadhopur #GangapurCity #CrimeNews #PoliceAction #ZeroTolerance #ArrestUpdate
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.