जयपुर, 15 मई 2025: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की करौली इकाई ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए टोडाभीम पुलिस थाने के कस्बा टोडाभीम चौकी के इंचार्ज, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) सीताराम को 1500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर की गई।
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने टोडाभीम पुलिस थाने में मारपीट का एक मुकदमा (नंबर 82/2025) दर्ज कराया था। इस मामले में सीताराम तफ्तीश अधिकारी थे और उन्होंने परिवादी की मदद करने, आरोपियों को पकड़ने और उनका चालान पेश करने की एवज में फाइल चार्ज के नाम पर 1500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी करौली इकाई ने 14 मई 2025 को रिश्वत की मांग का सत्यापन किया। इसके बाद आज, 15 मई 2025 को परिवादी को टोडाभीम पुलिस थाने बुलाया गया, जहां सीताराम ने उससे रिश्वत की राशि 1500 रुपये प्राप्त की। जैसे ही सीताराम ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि एसीबी चौकी करौली को शिकायत मिली थी कि एएसआई सीताराम परिवादी से उसके मुकदमे में मदद करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है और उसे परेशान कर रहा है।
एसीबी भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस श्री राजेश सिंह के सुपरविजन में एसीबी करौली के पुलिस निरीक्षक श्री जगदीश भारद्वाज ने इस ट्रेप कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में गिरफ्तार आरोपी सीताराम से पूछताछ जारी है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
#भ्रष्टाचार #रिश्वत #गिरफ्तारी #एसीबी #करौली #पुलिस #राजस्थान #एंटीकरप्शन
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.