राजधानी एक्सप्रेस में अर्धनग्न शराबी यात्री का हंगामा, सवाई माधोपुर-कोटा RPF पर कार्रवाई न करने का आरोप

राजधानी एक्सप्रेस में अर्धनग्न शराबी यात्री का हंगामा, सवाई माधोपुर-कोटा RPF पर कार्रवाई न करने का आरोप

कोटा। नई दिल्ली-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस (12954) में बुधवार रात शराब के नशे में एक यात्री द्वारा अर्धनग्न होकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। यात्रियों की शिकायत के बाद ट्रेन को शामगढ़ में रोककर इस यात्री को उतारा गया। RPF ने यात्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, यात्री की पहचान पंकज मल्होत्रा के रूप में हुई है, जो मुंबई का रहने वाला है। पंकज डी-3 कोच में सीट नंबर 63 पर सफर कर रहा था। दिल्ली से ट्रेन रवाना होने के बाद से ही पंकज ने शराब पीना शुरू कर दिया था। नशा बढ़ने पर पंकज ने अंडरवियर छोड़कर अपने सारे कपड़े उतार दिए। इसी अर्धनग्न अवस्था में पंकज कोच में घूमकर हंगामा करने लगा। यात्रियों के काफी समझाने के बाद भी पंकज नहीं माना।

रेलवे बोर्ड तक मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि इसी कोच में रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी का परिवार भी सफर कर रहा था। पंकज की हरकतें बढ़ने पर परिवार के सदस्यों ने तुरंत रेलवे बोर्ड अधिकारियों को मामले की शिकायत कर दी। शिकायत मिलते ही बोर्ड से लेकर जबलपुर मुख्यालय और कोटा मंडल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने तुरंत सवाई माधोपुर RPF को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। सवाई माधोपुर में ट्रेन रुकने पर RPF जवान पंकज के पास भी पहुंचे, लेकिन इसके बाद भी सवाई माधोपुर RPF ने पंकज के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।

इसके बाद मामले की शिकायत कोटा RPF को मिली। रात करीब 10:15 बजे राजधानी एक्सप्रेस कोटा पहुंची, लेकिन यहां भी कोटा RPF ने पंकज के खिलाफ कोई कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझा।

शामगढ़ RPF ने की कार्रवाई, ट्रेन रोककर उतारा

दो-दो जगह कार्रवाई न होने से यात्रियों ने दोबारा उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद गुस्साए अधिकारियों ने रास्ते में राजधानी एक्सप्रेस को रोककर पंकज के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए। इसके बाद रात करीब 12 बजे ट्रेन को शामगढ़ स्टेशन पर, जिसका वहां ठहराव नहीं था, रोका गया। शामगढ़ RPF ने राजधानी से पंकज को उतारकर अस्पताल में उसका मेडिकल कराया। मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि होने पर RPF ने पंकज को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

RPF से जवाब तलब

शराबी यात्री के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं करने पर रेलवे प्रशासन ने कोटा और सवाई माधोपुर RPF से जवाब तलब किया है।


#राजधानीएक्सप्रेस #शराबीयात्री #हंगामा #रेलवेसुरक्षा #RPF #शामगढ़ #कोटा #सवाईमाधोपुर

G News Portal G News Portal
122 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.