डीग (राजस्थान): सोमवार देर शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पहाड़ी कस्बे के थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक दसवीं कक्षा की छात्रा का अपहरण कर लिया गया। घटना में बोलेरो गाड़ी में सवार आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में छात्रा को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। बदमाशों ने हवा में फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, छात्रा सोमवार को अपनी परीक्षा देने के बाद अपनी साथी छात्राओं के साथ घर लौट रही थी। छात्रा जैसे ही उपखंड कार्यालय, तहसील और थाने के पास पहुंची, तभी बोलेरो गाड़ी में सवार बदमाशों ने उसे जबरन अपनी गिरफ्त में ले लिया। साथी छात्राओं ने छात्रा को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी और छात्रा को गाड़ी में डालकर गोपालगढ़ कस्बे की ओर भाग गए।
परिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है अपहरण
पुलिस के मुताबिक, अपह्रत छात्रा का एक साल पहले गोपालगढ़ में विवाह हुआ था, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह अपने मायके में रह रही थी और पढ़ाई कर रही थी। पुलिस इस पारिवारिक विवाद को अपहरण की वजह मानकर भी जांच कर रही है।
पुलिस ने तीन टीमें बनाई, बदमाशों की तलाश जारी
घटना के बाद से ही पहाड़ी पुलिस और गोपालगढ़ पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है। पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। फिलहाल, 15 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। हालांकि, पुलिस ने यह आश्वासन दिया है कि जल्द ही छात्रा को सुरक्षित ढूंढकर उसके परिवार को सौंप दिया जाएगा।
ससुराल से विवाद के बाद मायके में रह रही थी छात्रा
बताया जा रहा है कि छात्रा अपने ससुराल में विवाद के कारण अपने मायके में रह रही थी। इस विवाद को लेकर पुलिस ने अलग से जांच शुरू कर दी है और इसे घटना के संभावित कारणों में शामिल किया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी की और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.