कोटा: महात्मा गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर रेलवे माल डिब्बा मरम्मत कारखाना (वर्कशॉप) में शनिवार को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कारखाने में एक विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत, वर्कशॉप गार्डन में फलों के 80 पौधे लगाए गए, जो पर्यावरण को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पौधरोपण से पहले, 150 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद सभी ने मिलकर कारखाने के मुख्य द्वार के आस-पास, गार्डन और अन्य क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'सफाई मित्र सम्मान समारोह' रहा। इसमें मुख्य कारखाना प्रबंधक सुधकर सरवरिया ने सभी सफाई कर्मचारियों का फल भेंट कर सम्मान किया। इस सम्मान समारोह के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने में सफाईकर्मियों के महत्वपूर्ण योगदान को सराहा गया।
इस अवसर पर उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (प्रथम) दिलीप सिंह मीना, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (द्वितीय) पुरुषोत्तम मीना तथा सहायक कार्मिक अधिकारी सीएल बैरवा सहित कारखाने के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
#SwachhBharatDiwas #MahatmaGandhiJayanti #RailwayWorkshop #Kota #स्वच्छताअभियान #पौधरोपण #सफाईमित्रसम्मान #रेलवेकोटा