जयपुर, 31 दिसंबर: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) मुख्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का व्यक्तित्व, उनकी सोच और कार्य हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "जब डॉ. मनमोहन सिंह बोलते थे, पूरा विश्व उनकी बात सुनता था। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है।"
गहलोत ने राजस्थान में भैरों सिंह शेखावत के लिए बिना मांग के स्मारक बनाने का उदाहरण देते हुए कहा, "हमने दाह संस्कार के लिए जगह भी दी थी। पूर्व प्रधानमंत्री के लिए अलग से उचित दाह संस्कार स्थल नहीं दिया गया, लेकिन अब उनकी याद में स्मारक बनाने की बात की जा रही है।"
शोक सभा में पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। संयम लोढ़ा ने शोक प्रस्ताव का वाचन किया। इसके बाद सभी नेताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शोक सभा में पूर्व मंत्री रामलाल जाट, प्रताप सिंह खाचरियावास, मोहन प्रकाश, डॉ. जितेंद्र सिंह, शकुंतला रावत, कृष्णा पूनिया, जसवंत गुर्जर, राम सिंह कस्वां, ललित तूनवाल, स्वर्णिम चतुर्वेदी, रोहित बोहरा, खानू खां बुधवाली, शमा बानो और हर सहाय यादव सहित कई नेता उपस्थित रहे।
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है। उनकी नेतृत्व क्षमता और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.