बारां : बारां जिले के मोठपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला घरेलू विवाद सामने आया है। कटावर गांव में एक पति द्वारा अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की कोशिश उसकी पत्नी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने पति पर तवे से हमला कर दिया। इस हमले में पति के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर पत्नी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी पर बढ़ा विवाद, तवे से किया हमला: मोठपुर थाना पुलिस के एएसआई मुरारी लाल के अनुसार, कटावर गांव निवासी एक व्यक्ति अपने घर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवा रहा था। उसकी पत्नी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसके चलते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह कहासुनी देखते ही देखते एक बड़े झगड़े में बदल गई। आरोप है कि बहस के दौरान पत्नी ने आवेश में आकर पति के सिर पर तवे से वार कर दिया। इतना ही नहीं, बाद में तवे को सिर पर फेंक कर भी मारा, जिससे पति को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में दर्ज हुए बयान, पुलिस जांच में जुटी: घायल व्यक्ति को उसका भाई तुरंत मोठपुर अस्पताल लेकर गया, जहां से उसे बारां जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं पर 15 जुलाई को पुलिस ने घायल व्यक्ति के पर्चा बयान दर्ज किए। बयान में उसने बताया कि 14 जुलाई को जब वह घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा रहा था, तब उसकी पत्नी ने ऐतराज जताया और इसी बात पर विवाद हो गया। इसी बीच, उसकी पत्नी ने तवा उठाकर उसके सिर पर दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
एएसआई मुरारी लाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (2) और 126 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल मुआयना भी करवाया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पति और पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद होते रहे हैं। दोनों की शादी को कुछ साल हो चुके हैं और उनकी एक बच्ची भी है। महिला का पीहर केलवाड़ा क्षेत्र में स्थित है। एएसआई का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#बारां #घरेलूहिंसा #सीसीटीवीविवाद #पतिपत्नीझगड़ा #मोठपुरपुलिस #कटावरगांव #अनोखाममला #राजस्थानसमाचार #CrimeNews #CCTVDispute
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.