गंगापुरसिटी। शहर में जयपुर रोड पर सोमवार दोपहर एक निराश्रित सांड सड़क किनारे सूखे कुएं में गिर गया। सांड के गिरने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सांड को बचाने के लिए पहले प्रशासनिक अधिकारियों को फोन किया, लेकिन जब कोई मदद नहीं मिली तो उन्होंने नगर परिषद सभापति शिवरतन अग्रवाल को फोन कर मदद मांगी।
सभापति ने तुरंत नगर परिषद की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने सांड को निकालने के लिए रस्सी मंगवाई, लेकिन कुआं 80 फीट गहरा होने के कारण कोई भी उसमें उतरने को तैयार नहीं था। इसके बाद सभापति ने पार्षद पदम जोशी को फोन कर रेस्क्यू अभियान में मदद मांगी।
जोशी तुरंत मौके पर पहुंचे और मशीन के सहारे रस्सी से नीचे उतरे। उन्होंने कुएं में उतर कर सांड को बांधा और फिर मशीन की मदद से पहले खुद को और फिर सांड को बाहर निकाला। कुएं में गिरने से सांड के पैर में भी चोट लगी थी, जिसका पशु चिकित्सा टीम ने मौके पर ही इलाज किया। इस दौरान नायब तहसीलदार मुकेश शर्मा, परिषद एसआई कमलेश वाल्मीकि व उदेई मोड़ थाना पुलिस भी मौजूद रही।
हर मुसीबत में काम आते हैं जोशी
शहर में पार्षद पदम जोशी की पहचान रेस्क्यू मैन के रूप में हो गई है। कहीं भी आपदा आती है तो लोग जोशी को फोन कर मदद मांगते हैं। सोमवार को भी सभापति ने सांड के रेस्क्यू में उनसे मदद मांगी। इससे पहले भी न्यायालय परिसर में सांप घुसने, घरों में सिलेंडर फटने और अन्य जानवरों के रेस्क्यू जैसे मामलों में पार्षद जोशी ने अग्रणी भूमिका निभाई है।
https://youtu.be/E2ZvjJ1uBcQ
#रेस्क्यूमैन #पदमजोशी #सांड #बचाव #गंगापुरसिटी