बाड़ी (धौलपुर): बाड़ी शहर के बीच बाजार में घंटाघर के पास सोमवार सुबह वरिष्ठ अधिवक्ता पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह हमला इतना भीषण था कि हमलावरों ने अधिवक्ता को लोहे के सरियों से पीटने के बाद उन पर भट्टी पर रखी कढ़ाई में भरा खौलता तेल उड़ेलकर जलाने का प्रयास किया और भागने से पहले गोली भी मारी।
यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है। अधिवक्ता रामनिवास मित्तल अपनी स्कूटी से कोर्ट जा रहे थे। घंटाघर बाजार पर तीन अज्ञात हमलावरों ने उन्हें जबरदस्ती रोका, स्कूटी से खींचकर सड़क पर गिरा दिया और लोहे के सरियों और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान, आरोपियों ने पास में भट्टी पर रखी कढ़ाई में भरे खौलते तेल को उन पर उड़ेल कर जलाने का प्रयास किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। हमलावरों ने मौके से भागने से पहले देसी कट्टे से अधिवक्ता के पैर में फायर किया और दहशत फैलाने के लिए दो हवाई फायर भी किए। यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
घायल अधिवक्ता रामनिवास मित्तल को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिवक्ता मित्तल ने बताया कि उनकी कोर्ट में चल रहे एक केस को लेकर कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही है। उन्होंने खुलासा किया कि उन पर करीब दस महीने पहले 16 जनवरी को भी जानलेवा हमला हो चुका है।
इस घटना को लेकर जिला अग्रवाल समाज के लोग क्षेत्रीय विधायक जसवंत सिंह गुर्जर के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
#DholpurNews #AttackOnAdvocate #जानलेवाहमला #BariCity #CrimeNews #धौलपुर #RajasthanPolice
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.