सवाई माधोपुर। रणथंभौर अभयारण्य में बाघ के हमले से मंदिर के 60 वर्षीय पुजारी राधेश्याम माली की मौत हो गई, जिससे एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के स्थानीय कार्मिकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। यह वही हुआ, जिसका अंदेशा था!
राधेश्याम माली पिछले करीब 20 सालों से भी अधिक समय से रणथंभौर दुर्ग स्थित जैन मंदिर में चौकीदारी का कार्य करते थे और रात्रि से ही लापता थे। सुबह उनका क्षत-विक्षत हालत में शव बरामद हुआ, जिससे टाइगर अटैक की पूरी-पूरी संभावना जताई जा रही है।
वन अधिकारियों ने बताया कि सुबह दुर्ग से एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद कर लिया गया है और उसे जिला मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
लापरवाही का परिणाम: रणथंभौर दुर्ग में जोन नंबर 2 और अन्य क्षेत्रों में जगह-जगह दीवारें क्षतिग्रस्त हैं। इन दीवारों की मरम्मत नहीं होने के चलते बाघों का दुर्ग में आसानी से प्रवेश होता रहता है। बीते दिनों रणथंभौर दुर्ग के निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत कराकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, ASI के कार्मिकों की नजरअंदाजी ने इस हादसे को जन्म दे दिया। अब सवाल यह है कि क्या इस घटना से सबक लिया जाएगा या लापरवाही जारी रहेगी?
ड्रोन से सर्च ऑपरेशन: रणथंभौर दुर्ग स्थित जैन मंदिर के पास से पुजारी के गायब होने की सूचना पर वन विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और रणथंभौर बाघ परियोजना के सीसीएफ अनूप के.आर. के निर्देशन में रेस्क्यू टीम ने ड्रोन कैमरे की सहायता से तलाश शुरू की। इस दौरान वन विभाग की टीम को जैन मंदिर के पास खून से सने हुए कपड़े मिले थे।
ग्रामीणों का प्रदर्शन: टाइगर अटैक की सूचना के बाद शेरपुर-खिलचीपुर निवासी राधेश्याम माली के परिजनों और ग्रामीणों ने गणेश धाम पर जमावड़ा लगा दिया है। ग्रामीण और परिजन गणेश धाम गेट को बंद कर प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुबह की सफारी से वापस लौटने वाले वाहनों को भी बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। मौके पर वन विभाग के कार्मिक और पुलिस बल मौजूद है।
#रणथंभौर #टाइगरअटैक #पुजारीकीमौत #रणथंभौरदुर्ग #ASIलापरवाही #वन्यजीव #सुरक्षाव्यवस्था #सवाईमाधोपुर #वनविभाग #हादसा #गुस्साएग्रामीण
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.