गंगापुर सिटी। राज्य सरकार द्वारा गंगापुर सिटी को जिला का दर्जा देने के बाद अब इसे पुनः सवाई माधोपुर और करौली जिले में सम्मिलित करने के निर्णय ने क्षेत्र के नागरिकों में नाराजगी बढ़ा दी है। इस संदर्भ में भाजपा सवाई माधोपुर जिलाध्यक्ष सुशील दीक्षित ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र लिखकर गंगापुर सिटी में सहायक जनसंपर्क कार्यालय को यथावत रखने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा कि गंगापुर सिटी को पुनः मूल जिलों में सम्मिलित करने से स्थानीय निवासियों में आक्रोश उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रबंधन और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को बनाए रखने के लिए गंगापुर सिटी में सहायक जनसंपर्क कार्यालय का संचालन जारी रखना नितांत आवश्यक है।
उन्होंने पत्र में बताया कि जिस प्रकार ब्यावर जिले के निरस्तीकरण के बाद भी वहां सहायक जनसंपर्क कार्यालय संचालित रहा और बाद में क्रमोन्नत किया गया, उसी प्रकार गंगापुर सिटी में भी इस कार्यालय को जारी रखा जाना चाहिए। यह निर्णय क्षेत्र के नागरिकों में सकारात्मक माहौल बनाए रखने में सहायक होगा।
सुशील दीक्षित ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया प्रबंधन और प्रभावी मॉनिटरिंग की भूमिका महत्वपूर्ण है। गंगापुर सिटी में इस कार्यालय के निरस्तीकरण से न केवल प्रशासनिक कामकाज प्रभावित होगा, बल्कि जनता और सरकार के बीच समन्वय में भी बाधा आ सकती है।
यह निर्णय न केवल प्रशासनिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। पत्र में निवेदन किया गया है कि गंगापुर सिटी में सहायक जनसंपर्क कार्यालय को यथावत रखा जाए ताकि सरकार की नीतियां और योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो सकें।
गंगापुर सिटी के नागरिकों और स्थानीय नेताओं की मांग है कि सरकार इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपनाए और क्षेत्र में सहायक जनसंपर्क कार्यालय को बरकरार रखे।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.