कोटा। रेलवे मजदूर संघ ने बुधवार को वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सीनियर डीओएम) विनोद मीणा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के सदस्यों ने विनोद मीणा के ऑफिस से लेकर डीआरएम के चैंबर तक 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि विनोद मीणा अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं, तो उनके खिलाफ बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
कर्मचारियों ने बताया कि यह पूरा मामला बूंदी रेलखंड स्थित मांडलगढ़ स्टेशन पर तैनात पॉइंट्समैन ऋषि मीणा के ट्रांसफर को लेकर शुरू हुआ। कुछ शिकायतों के चलते सीनियर डीओएम विनोद मीणा ने हाल ही में ऋषि मीणा का ट्रांसफर ऊपरमाल स्टेशन पर कर दिया था। रेलवे मजदूर संघ ने इस ट्रांसफर पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे रद्द करने की मांग की, लेकिन विनोद मीणा इसके लिए तैयार नहीं हुए।
इस बात से भड़के संघ के मंडल अध्यक्ष अब्दुल खालिक बड़ी संख्या में पॉइंट्समैनों के साथ विनोद मीणा से मिलने उनके चैंबर पहुंच गए। यहां चैंबर में विनोद मीणा और अब्दुल खालिक के बीच महज दो मिनट में ही तीखी बहस हो गई। इसके बाद, विनोद मीणा अपने चैंबर से सीधे डीआरएम अनिल कालरा के पास पहुंच गए। पीछे-पीछे अब्दुल खालिक और पॉइंट्समैन भी 'मुर्दाबाद' के नारे लगाते हुए डीआरएम के चैंबर तक पहुंच गए। डीआरएम अनिल कालरा के सामने विनोद मीणा और अब्दुल खालिक ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। डीआरएम ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
अब्दुल खालिक ने चेतावनी दी है कि यदि विनोद मीणा ने अपनी मनमानी बंद नहीं की, तो रेलवे मजदूर संघ उनके खिलाफ बड़ा धरना प्रदर्शन शुरू करेगा। इस घटना ने रेलवे मंडल में हड़कंप मचा दिया है और अधिकारियों के बीच तनाव साफ देखा जा रहा है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.