धौलपुर-सरमथुरा-करौली को जल्द मिलेगी सौगात, रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू

धौलपुर-सरमथुरा-करौली को जल्द मिलेगी सौगात, रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू

धौलपुर-सरमथुरा-करौली रेलवे लाइन का कार्य शुरू,

धौलपुर, 23 मई 2025: पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा डिवीजन से धौलपुर जिले को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित धौलपुर-सरमथुरा-करौली रेलवे लाइन का कार्य अब गति पकड़ चुका है। रेलवे प्रशासन ने धौलपुर जिले के बाड़ी उपखंड में भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब भूमि मालिकों को अवार्ड राशि (मुआवजा) का वितरण शीघ्र ही शुरू होने वाला है। उम्मीद है कि आगामी सोमवार से रेलवे द्वारा राशि वितरण का कार्य सीधे भूमि मालिकों के बैंक खातों में जमा करके प्रारंभ कर दिया जाएगा।

रेलवे की ओर से धौलपुर और बाड़ी उपखंड में करीब 113.11 करोड़ रुपये की अवार्ड राशि जारी की जाएगी, जो कि एक अरब 13 करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि, इसमें अभी सरमथुरा उपखंड की भूमि शामिल नहीं है। जिला प्रशासन ने सरमथुरा उपखंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही प्रशासन की ओर से विज्ञप्ति जारी कर संबंधितों से आपत्तियां मांगी जाएंगी।

गौरतलब है कि धौलपुर-सरमथुरा-तांतपुर छोटी लाइन के स्थान पर रेलवे द्वारा ब्रॉड गेज लाइन बिछाई जा रही है। धौलपुर उपखंड में छोटी लाइन के स्थान पर बड़ी रेलवे लाइन बिछाने का कार्य पिछले वर्ष ही शुरू हो गया था। अब बाड़ी उपखंड में ट्रैक बिछाने का कार्य शुरू होगा, जिसके बाद रेलवे प्रशासन सरमथुरा उपखंड में कार्य शुरू करेगा। सरमथुरा उपखंड में करीब 100 हेक्टेयर भूमि है, जिसमें होकर रेलवे लाइन करौली जिले की ओर जाएगी।

हालांकि, पड़ोसी करौली जिले में अभी रेलवे लाइन और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। करौली में द्वितीय चरण में कार्य शुरू होगा। भूमि अधिग्रहण कार्य में देरी की वजह से रेलवे प्रोजेक्ट को पूर्ण होने में अभी और समय लग सकता है। फिर भी, सरमथुरा तक लाइन का कार्य आगामी 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।

बाड़ी में 86 और धौलपुर में 27 करोड़ की बंटेगी राशि

जिले के बाड़ी और धौलपुर उपखंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर अब मालिकों को अवार्ड राशि जारी की जाएगी। बाड़ी उपखंड में करीब 122 हेक्टेयर भूमि में होकर रेलवे लाइन निकलेगी, जिसके लिए 86.11 करोड़ रुपये के अवार्ड जारी होंगे। वहीं, धौलपुर उपखंड में करीब 18 हेक्टेयर भूमि के लिए 28 करोड़ रुपये की राशि बटेगी। सरमथुरा में 100 हेक्टेयर भूमि है, जहां नियम 20 एफ के तहत कार्रवाई शुरू हो गई है। अब एक माह के लिए विज्ञप्ति जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी, जिसके बाद अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

रेलवे ठेकेदार पर लगा धमकाने का आरोप!

भूमि अधिग्रहण राशि मिलने से पहले ही रेलवे ठेकेदार द्वारा बाड़ी उपखंड में ट्रैक के लिए खेतों पर जेसीबी से कार्य शुरू कर दिया गया था, जिसका किसानों और भूमि मालिकों ने विरोध किया। भूमि मालिकों ने ठेकेदार के लोगों पर धमकाने का भी आरोप लगाया। शिकायत मिलने पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने अवार्ड राशि प्रक्रिया शुरू नहीं होने तक कार्य शुरू नहीं करने के निर्देश दिए।

#धौलपुर #सरमथुरा #करौली #रेलवेलाइन #भूमिअधिग्रहण #पश्चिममध्यरेलवे #बुनियादीढांचा #विकासपरियोजना

G News Portal G News Portal
2907 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.