जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र 2025-26 की कार्यवाही आज सुबह 11:00 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के विभागों के साथ-साथ चिकित्सा विभाग, खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग, संसदीय कार्य विभाग, पशुपालन विभाग और वन विभाग से संबंधित सवाल-जवाब होंगे। इसके बाद सदन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि विपक्ष प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने की तैयारी में है।
प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल के दौरान विभिन्न ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। विधायक रामस्वरूप लांबा नसीराबाद क्षेत्र के गांव अमरगढ़, लीडी, लामाना में अवैध खनन के वाहनों के संचालन के संबंध में उपमुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। विधायक सुरेश गुर्जर खानपुर में सड़कों के निम्न स्तरीय निर्माण कार्य को लेकर ठेकेदारों और विभागीय अभियंताओं की मिलीभगत की जांच की मांग करेंगे। विधायक श्रीचंद कृपलानी छोटी सादड़ी में ग्राम पंचायत पीलीखेड़ा से अखेरपुर गांव तक क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण और डामरीकरण की मांग करेंगे।
सदन में विभिन्न याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। विधायक संदीप शर्मा प्रदेश के कर्मचारी बोर्ड, राजस्थान आवासन मंडल के कर्मचारियों और पेंशनर्स को RGHS की तर्ज पर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की मांग करेंगे। विधायक बाबू सिंह राठौड़ शेरगढ़ में पुलिस चौकी सेखाला को पुलिस थाना बनाने और नाथडाऊ-चाबा में नई पुलिस चौकी की स्वीकृति की मांग करेंगे। विधायक ललित मीना किशनगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भंवरगढ़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नति करने की याचिका प्रस्तुत करेंगे।
बजट 2025-26 के अंतर्गत शून्यकाल में अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुदान मांगों सहित चिकित्सा शिक्षा की अनुदान मांगों पर पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा होगी। अनुदान मांगों पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर जवाब देंगे। विपक्ष की ओर से प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था की खामियों को उजागर करने की संभावना है।
आज की कार्यवाही में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान सदन में गर्मागर्म बहस होने की संभावना है। विपक्ष सरकार की चिकित्सा व्यवस्था की कमियों को उजागर कर सत्ता पक्ष को घेरने की कोशिश करेगा।
#RajasthanAssembly #HealthGrantDemand #MedicalServices #BudgetSession2025 #RajasthanNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.