गंगापुर सिटी, 23 दिसंबर: जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट में सार्वजनिक आवश्यक सेवाओं के संबंध में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने बजट-घोषणा, कृषि, सड़क, पेयजल व विद्युत आपूर्ति, मौसमी बीमारी, संपर्क पोर्टल, ई-फाइलिंग निस्तारण समय, स्वच्छता एवं सफाई, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज योजनाओं आदि का विस्तृत समीक्षा की।
सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला
बैठक के दौरान सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। जिला कलक्टर ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस (25 दिसंबर - सुशासन दिवस) के उपलक्ष्य में जिले में सुशासन सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियाँ संचालित हैं। इसी क्रम में आज जिला स्तरीय सुशासन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सुशासन से संबन्धित कार्यप्रणाली, नवाचार एवं उल्लेखनीय पहल आदि को बढ़ावा देना है।
24 दिसंबर को जनसुनवाई शिविर
जिला कलक्टर ने बताया कि कार्यक्रमों की इस शृंखला में 24 दिसंबर 2024 को ग्राम-पंचायत, ब्लॉक एवं जिले स्तर पर सभी कार्यालयों में सुशासन सप्ताह जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जाएँगे| जिसमें संबन्धित विभागों अथवा कार्यालयों के सक्षम अधिकारी प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आमजन की परिवेदनाओं को सुनेंगे और उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करवाएंगे।
गणतंत्र दिवस की तैयारियां
जिला कलक्टर ने 26 जनवरी 2025 को आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा पर जोर
जिला कलक्टर ने जिले के समस्त राज एवं राज्यमार्गों पर जितने भी ब्लेक स्पॉट जोन हैं को चिन्हित कर एनएचएआई के अधिकारियों के साथ समन्वय बिठाकर उनके निस्तारण के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जयलाल मीना को निर्देशित किया। साथ ही आमजन को जागरूक कर यातायात के नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक सन्तराम मीना एवं परिवहन निरीक्षक पिंकी रानी को निर्देशित किया।
अन्य निर्देश
जिला कलक्टर ने क्षतिग्रस्त नलकूपों, पाइप लाइनों, विद्युत पोलों, ट्रांसफार्मरों सहित सीसी पुलिया, अन्य सीसी सड़कों आदि की मरम्मत से सम्बंधित कार्यों का विस्तृत ब्यौरा सम्बंधित अधीक्षण अभियन्ताओं से प्राप्त किया और मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा की तथा लम्बित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर रिपोर्ट अविलम्ब जिला मुख्यालय भिजवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को ई-फाईल डिस्पोजल समय कम करने के निर्देश दिए।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.