कोटा: कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को छोड़ने आने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें स्टेशन परिसर में 10 मिनट तक रुकने का कोई शुल्क नहीं देना होगा। रेलवे प्रशासन ने पार्किंग के नए टेंडर में 'ड्रॉप एंड गो' सुविधा को शामिल करते हुए यह शर्त जोड़ी है।
लगातार मिल रही अवैध वसूली की शिकायतों के बाद कोटा रेल मंडल ने पहली बार एक्सेस कंट्रोल सिस्टम लागू किया है। इसके तहत, वाहन चालकों को समय की गणना के लिए कंप्यूटरीकृत रसीद दी जाएगी, जिससे 10 मिनट तक का ठहराव निःशुल्क रहेगा।
यह नई सुविधा जल्द ही शुरू होने वाली है। सोगरिया स्टेशन पर 12 मई से, जबकि कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर 23 मई से और प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर 26 मई से नए पार्किंग टेंडर लागू हो जाएंगे।
सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी निगरानी
पार्किंग व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए वाहन पार्किंग स्टैंड पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, ठेकेदार को पार्किंग शुल्क की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करनी होगी। ठेका कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र, पीले रंग की टी-शर्ट, टोपी और नेवी ब्लू रंग की पैंट पहनना अनिवार्य किया गया है।
पिकअप पर स्थिति स्पष्ट नहीं
हालांकि, नए टेंडरों में यात्रियों को लेने (पिकअप) आने वाले वाहनों के लिए कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि यदि कोई वाहन चालक ट्रेन आने के बाद 10 मिनट के भीतर अपने परिजनों को लेकर चला जाता है, तो क्या उससे पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा या नहीं। पिकअप के नियमों की अस्पष्टता के कारण ठेकेदार और वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति फिर से उत्पन्न हो सकती है।
#कोटा #रेलवे_स्टेशन #पार्किंग #ड्रॉप_एंड_गो #मुफ्त_पार्किंग
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.