अलवर: अलवर शहर के भवानी तोप स्थित मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। कलेक्ट्रेट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सोमवार रात 3:42 बजे एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें मिनी सचिवालय में आरडीएक्स लगाने और मंगलवार दोपहर 3 बजे तक उसे बम से उड़ाने की बात लिखी गई है।
प्रशासन को इस धमकी भरे ईमेल की जानकारी मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मिनी सचिवालय में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस टीम मैनुअली भी पूरे परिसर की जांच कर रही है।
धमकी के बाद मिनी सचिवालय के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए गए हैं और लोगों का प्रवेश पूरी तरह से रोक दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर से बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वायड) को अलवर रवाना कर दिया गया है। फिलहाल किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, वहीं साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
एडीएम सिटी बीना महावर ने बताया कि कलेक्ट्रेट के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरे मैसेज का पता मंगलवार सुबह 7 बजे चला। इसके तुरंत बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मिनी सचिवालय परिसर की व्यापक तलाशी ली गई। शहर के थानाधिकारियों की टीमों ने भी मिनी सचिवालय परिसर की जांच की। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल ने भी मिनी सचिवालय का निरीक्षण किया।
वर्तमान में कलेक्ट्रेट कार्यालय को खाली करा लिया गया है और मिनी सचिवालय के दोनों गेट बंद कर दिए गए हैं। एडीएम महावर ने बताया कि धमकी की सूचना जयपुर मुख्यालय को दे दी गई है, जिसके बाद बम स्क्वाड अलवर के लिए रवाना हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी किसी भी व्यक्ति को मिनी सचिवालय के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। भवन के अंदर पुलिस प्रशासन की ओर से गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और बम स्क्वाड के पहुंचने के बाद उनके द्वारा भी तलाशी की जाएगी।
मिनी सचिवालय भवन में संचालित विभिन्न कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। इसके चलते मिनी सचिवालय के मुख्य गेट के बाहर बड़ी संख्या में कर्मचारियों और अन्य लोगों का जमावड़ा लग गया।
गौरतलब है कि अलवर का मिनी सचिवालय एक पांच मंजिला इमारत है, जिसमें प्रशासनिक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, तहसील कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तर स्थित हैं।
हैशटैग: #अलवर #मिनीसचिवालय #बमकीधमकी #आरडीएक्स #पुलिस #बमस्क्वाड #जयपुर #तलाशी #सुरक्षा #अलर्ट
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.