कोटा। नगर निगम द्वारा की गई अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के छह दिन बाद ही रविवार को अतिक्रमियों ने फिर से कब्जा कर लिया है। रंगपुर पुलिया के नीचे और मस्जिद गली में दुकानें फिर से सज गई हैं, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई है।
फिर से सजी दुकानें, लगने लगा जाम:
नगर निगम की कार्रवाई के बाद रंगपुर पुलिया के नीचे भूरे वाले बाबा के सामने फिर से रोड पर भट्टियां नजर आने लगी हैं। यहां से हटाई गई लोहे और लकड़ी की दुकानें फिर से सज गई हैं। मस्जिद गली में भी दुकानें पहले की तरह खुल गई हैं। रोड पर अतिक्रमण के चलते यहां फिर से जाम लगने लगा है। दुकानों के बाहर रोड तक काउंटर लगाने और अनधिकृत रूप से जमे फल और सब्जी विक्रेताओं के कारण शाम को स्थिति और ज्यादा बिगड़ जाती है। लोगों को पैदल निकलने तक की जगह नहीं बचती।
सब्जीमंडी का भी हाल बेहाल:
अतिक्रमण के चलते सब्जीमंडी का भी हाल बेहाल है। पूरी सब्जीमंडी अतिक्रमियों के कब्जे में है। बिना इजाजत और मनमानी के यहां पर दर्जनों दुकानें चल रही हैं। अतिक्रमण के चलते सब्जीमंडी का अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है। इनकी जगह पर कब्जा होने के कारण सब्जी विक्रेता अब रोड पर बैठने लगे हैं।
अवैध वसूली:
अपने सामने रोड पर बैठने पर कई दुकानदार इन सब्जी विक्रेताओं से अवैध वसूली तक करते हैं। इसके बदले यह रोड पर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों में इन सब्जी विक्रेताओं को सामान भी रखने देते हैं। इसके चलते यहां पर समाप्त होने की जगह अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती ही जा रही है।
नहीं होती कार्रवाई:
स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम, प्रशासन, पार्षद और पुलिस थाने में कई बार इसकी शिकायत भी की जा चुकी है। लेकिन यहां पर अतिक्रमियों के खिलाफ कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। हर कार्रवाई का परिणाम पिछली कार्रवाई जैसा होता है। हटने के बाद अतिक्रमी दूसरे दिन से फिर से जमने लग जाते हैं।
छह दिन पहले हटाए थे अतिक्रमण:
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने यहां से छह दिन पहले 11 फरवरी को ही अतिक्रमण हटाए थे। इस दौरान निगम ने कई सामान जब्त भी किया था। कार्रवाई के दौरान मस्जिद गली में हंगामा भी हुआ था। इसके बाद बिना इजाजत चल रही मीट की दुकानों को सीज भी किया था। लेकिन अब यहां हालात पहले की तरह ही नजर आने लगे हैं।
निगम में करेंगे शिकायत:
पार्षद दुष्यंत सिंह हाड़ा ने बताया कि वह अभी बाहर हैं, लेकिन यहां पर दोबारा से अतिक्रमण होने की सूचना है। इसकी नगर निगम में शिकायत की जाएगी।
#अतिक्रमण #कोटा #नगरनिगम #जाम #समस्या #कार्रवाई
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.