सवाई माधोपुर, 13 अगस्त 2025: सवाई माधोपुर जिले की वजीरपुर तहसील के ग्राम पीलोदा की ढाणी हनुमानपुरा में स्थित बजरंग बली के एक सार्वजनिक स्थल पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर, सवाई माधोपुर को एक ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया है कि बजरंग बली के स्थान पर, जहां आसपास के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है, विगत कुछ समय से अवैध अतिक्रमण किया गया है। आरोप है कि जयप्रकाश मीणा पुत्र रामकिशोर मीणा और हंसराज मीणा पुत्र रामकिशोर मीणा ने सार्वजनिक उपयोग के एक हैंडपंप को हटाकर उस जगह पर बाउंड्री वॉल बना ली है, जिससे आम जनता सार्वजनिक उपयोग और पेयजल से वंचित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अतिक्रमण से मौके पर शांति भंग होने का भी अंदेशा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अतिक्रमणकारी शिकायत करने वालों को गाली-गलौज कर रहे हैं और उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को कई बार लिखित में अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और न ही अवैध अतिक्रमण हटाया गया है।
ज्ञापन में जिला कलेक्टर से अनुरोध किया गया है कि वे अधीनस्थ कर्मचारियों को इस अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटवाने और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आदेश दें।
इस ज्ञापन के साथ जमाबंदी एवं नक्शा की प्रति और मौका स्थल के वर्तमान रंगीन फोटो भी संलग्न किए गए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में आम जनता हनुमानपुरा की ढाणी ग्राम पीलूदा की ओर से गोपाल लाल मीणा, मनोज मीणा, अभिषेक मीणा, खिल्लोराम मीणा और भरतलाल मीणा सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
#अतिक्रमण #सवाईमाधोपुर #पीलूदा #बजरंगबली #सार्वजनिकस्थल #जिलाकलेक्टर #कानूनीकार्रवाई #राजस्थानन्यूज़ #ग्रामीणसमस्या
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.