राजस्थान-मध्यप्रदेश की लाइफ लाइन ओघाड़ पुलिया पर 13 दिन से भारी वाहनों का प्रवेश बंद, केंद्रीय मंत्री से मिले विधायक

राजस्थान-मध्यप्रदेश की लाइफ लाइन ओघाड़ पुलिया पर 13 दिन से भारी वाहनों का प्रवेश बंद, केंद्रीय मंत्री से मिले विधायक

खण्डार। राजस्थान और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ओघाड़ पुलिया 29 जुलाई की रात क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद से अभी तक भारी वाहनों के लिए बंद है, जिससे दोनों राज्यों का संपर्क बाधित हो गया है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के तीन दिन तक तो सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप रहा, जबकि अब केवल हल्के वाहनों को ही अनुमति है। भारी वाहनों की निकासी बंद होने से व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा, ईंधन सप्लाई और यात्री सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।

इस समस्या के समाधान के लिए खण्डार विधायक जितेन्द्र गोठवाल ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की जनता के लिए सुरक्षित और सुगम यातायात बहाल करने हेतु पुलिया निर्माण में आवश्यक वन विभाग और वाइल्ड लाइफ सेंचुरी की एनओसी शीघ्र दिलाने का आग्रह किया।

विधायक ने बताया कि टोंक-चिरगांव राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 552 पर स्थित यह पुलिया सवाईमाधोपुर-श्योपुर का एकमात्र मार्ग है, जो रणथंभौर वन क्षेत्र से होकर गुजरता है। हाल ही में हुई तेज बारिश और मानसरोवर डेम से पानी की अधिक आवक के कारण बोदल ब्रिज के ऊपर 9 से 10 फीट पानी आ गया, जिससे ब्रिज क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।

वन विभाग द्वारा पुलिया का सर्वे कर लिया गया है और राज्य सरकार ने सभी आवश्यक दस्तावेज केंद्र सरकार को भेज दिए हैं। मंत्री ने विधायक को आश्वासन दिया कि एनओसी जल्द जारी कर दी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके और खण्डार व श्योपुर की जनता को राहत मिल सके।

G News Portal G News Portal
140 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.