कोटा/गंगापुर सिटी। राजस्थान के गंगापुर सिटी में रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा राम भरोसे नजर आ रही है। सोमवार को एक ही दिन के भीतर लूट और हमले की दो वारदातों ने रेलवे कॉलोनी और रनिंग स्टाफ के बीच डर और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।
ताजा घटना सोमवार देर रात की है, जब रेलवे में कार्यरत बॉक्स बॉय शिट्टू गुर्जर अपनी नाइट ड्यूटी के लिए स्टेशन की ओर जा रहे थे। स्टेशन के पास ही घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें लूटने की कोशिश की। हालांकि, शिट्टू गुर्जर की तत्परता काम आई; उनके शोर मचाने और विरोध करने पर बदमाश मौके से भाग खड़े हुए।
उल्लेखनीय है कि यह गंगापुर में रेलवे स्टाफ के साथ लूट की एक ही दिन में दूसरी घटना है। इससे पहले सोमवार तड़के चार बेखौफ बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहे लोको पायलट लक्ष्मण सिंह को निशाना बनाया था। बदमाशों ने उनकी गर्दन पर चाकू रखकर मोबाइल और पर्स लूट लिया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से रेलवे के रनिंग स्टाफ में गहरा आक्रोश है। विरोध स्वरूप जहाँ सोमवार को लोको पायलट्स ने स्टेशन पर प्रदर्शन किया, वहीं मंगलवार को 'ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन' ने कड़ा रुख अपनाया।
ज्ञापन सौंपा: संगठन ने डीआरएम (DRM) कोटा, थाना प्रभारी गंगापुर और जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर बदमाशों पर लगाम लगाने की मांग की है।
अल्टीमेटम: एसोसिएशन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि रेलवे कॉलोनी क्षेत्र को जल्द ही अपराध मुक्त नहीं किया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए, तो स्टाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
#GangapurCity #RailwaySafety #CrimeNews #KotaRailwayDivision #LocoPilot #RailwayUnion #AILRSA #RajasthanPolice #IndianRailways
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.