बूंदी, राजस्थान: नेशनल हाईवे-52 पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बेकाबू ट्रक ने राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) अधिकारी अनिल जोशी की सरकारी एसयूवी को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल जोशी, उनके चालक और गनमैन को मामूली चोटें आईं।
तालेड़ा थानाधिकारी अजीत बागडोलिया के अनुसार, यह हादसा तालेड़ा थाना क्षेत्र के बल्लोप के पास शेखावटी ढाबे के सामने हुआ। आरपीएस अधिकारी अनिल जोशी अपनी सरकारी एसयूवी में बूंदी से बल्लोप की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी हाईवे से नीचे उतरकर ड्रेन में पलट गई और ट्रक भी पलट गया।
हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारू कराया।
हादसे में आरपीएस अधिकारी अनिल जोशी, उनके चालक और गनमैन को हल्की चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पुलिस उप अधीक्षक हेमंत गौतम और तालेड़ा थाना अधिकारी अजीत बागडोलिया घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
इस हादसे में बालापुर निवासी ट्रक चालक राकेश पुत्र मोतीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस से शव को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या किसी अन्य कारण से।
#RoadAccident #Bundi #TruckAccident #RPSOfficer #TrafficSafety #NH52Accident
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.