शादी की शहनाई बजने से पहले मचा कोहराम, विद्युत पोल गिरने से दुल्हन के पिता की दर्दनाक मौत

शादी की शहनाई बजने से पहले मचा कोहराम, विद्युत पोल गिरने से दुल्हन के पिता की दर्दनाक मौत

सवाई माधोपुर, 10 अप्रैल: सवाई माधोपुर जिले के नायपुर उपखंड गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में एलटी लाइन के तारों में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के उलझने से एक विद्युत पोल टूटकर एक घर पर गिर गया, जिसके नीचे दबने से घर के आंगन में सो रहे दुल्हन के पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रामीण रूपसिंह ने बताया कि बुधवार रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक गांव में आया था। प्रेशर के कारण ट्रॉली ऊपर उठ गई और एलटी लाइनों में उलझ गई। तारों के खिंचने से एक विद्युत पोल नीचे गिर गया। पोल गिरने से रामसिंह गुर्जर (42) पुत्र गोपाल गुर्जर के घर की दीवार भी ढह गई और आंगन में सो रहे रामसिंह पोल के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।

पोल टूटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन घायल रामसिंह को उपचार के लिए खंडार अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रामसिंह ने दम तोड़ दिया। गुरुवार को थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गनीमत रही कि हादसे के समय रामसिंह के पास परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं सो रहा था, अन्यथा जनहानि और बढ़ सकती थी।

25 अप्रैल को आनी थी बारात:

कस्बा निवासी भाजपा नेता गंगाशंकर गौतम ने बताया कि मृतक रामसिंह गुर्जर की बेटी की शादी आगामी 25 अप्रैल को होनी थी और घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। इस दुखद हादसे ने हंसी-खुशी से भरे घर को अचानक मातम में बदल दिया है। रामसिंह अपने पीछे एक बेटी पिंकी और एक बेटा दिलखुश को छोड़ गए हैं, जिनका अब घर में बुजुर्ग दादा ही एकमात्र सहारा हैं।

विधायक ने बंधाया ढाढस:

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक जितेंद्र कुमार गोठवाल भी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढाढस बंधाया। उन्होंने मृतक के परिवार को सरकारी नियमों के अनुसार उचित मुआवजा और सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

#सवाईमाधोपुर #विद्युतपोल #हादसा #मौत #दुल्हनकेपिता #शादी #कोहराम #राजस्थान #दर्दनाक #अमृतकाल

G News Portal G News Portal
1536 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.