गंगापुर सिटी। वेस्ट सेन्ट्रल रेल्वे मजदूर संघ (WCRMS) की यातायात शाखा ने रेलवे कॉलोनी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और रेल कर्मियों की असुरक्षा को लेकर कड़ा आक्रोश जताया है। सोमवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक लोको पायलट के साथ हुई चाकूबाजी और लूट की वारदात के बाद कर्मचारियों में भय और गुस्से का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगापुर सिटी के लोको पायलट (पैसेेंजर) लक्ष्मण सिंह आज सुबह करीब 03:30 बजे अपने रेल आवास से ड्यूटी (रिपोर्टिंग समय 04:00 बजे) के लिए निकल रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। अपराधियों ने न केवल उन्हें जान से मारने की धमकी दी, बल्कि उनका मोबाइल और नकदी से भरा पर्स भी लूट लिया। अपराधियों ने चेतावनी दी कि यदि उन्होंने शोर मचाया या विरोध किया तो वे उनकी जान ले लेंगे।
घटना के विरोध में वेस्ट सेन्ट्रल रेल्वे मजदूर संघ ने मण्डल रेल प्रबंधक (DRM), कोटा के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि:
रेलवे कॉलोनी आजकल जुआरियों, नशेड़ियों और रील बनाने वालों का सुरक्षित अड्डा बन गई है।
कॉलोनी में पुलिस गश्त (Patrolling) बिल्कुल नहीं होती, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं और न ही मुख्य स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं।
मजदूर संघ के केंद्रीय सदस्य पी.सी. मीणा, मण्डल कोषाध्यक्ष डी.के. शर्मा और शाखा सचिव बी.एस. गुर्जर ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार नहीं किया गया और कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था (CCTV कैमरे और गश्त) दुरुस्त नहीं की गई, तो कर्मचारी एक बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। संघ ने स्पष्ट किया कि किसी भी अप्रिय स्थिति या कार्य बहिष्कार की समस्त जिम्मेदारी रेल प्रशासन की होगी।
#RailwayNews #GangapurCity #CrimeNews #LocoPilot #WCRMS #RailwaySafety #Loot #Protest #WestCentralRailway #KotaDivision
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.