गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर (29 दिसंबर 2025): सवाई माधोपुर जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गंगापुर सिटी में दिनदहाड़े फायरिंग के मुख्य आरोपी और 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश गोलू गुर्जर को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया है। शातिर अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए महिला का भेष (सलवार-सूट और चुन्नी) पहनकर घूम रहा था, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से बच नहीं सका।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल (IPS) ने बताया कि 2 दिसंबर 2025 को माल गोदाम रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी में आपसी रंजिश के चलते बदमाश कृष्णा गुर्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर महेन्द्र उर्फ काडू पहलवान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इस प्रकरण में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
थानाधिकारी करण सिंह राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग का आरोपी गोलू गुर्जर पुत्र ज्ञान सिंह (निवासी सूरगढ़) महिला का भेष धारण कर श्योसिंहपुरा रोड पर छिपा हुआ है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
भेष बदलकर चकमा देने की कोशिश: पुलिस को सड़क किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति महिला के लिबास में नजर आया। पुलिस की गाड़ी देखते ही वह पास के सरसों के खेत में भागने लगा।
पकड़ा गया आरोपी: पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जब उसे पकड़ा, तो हर कोई दंग रह गया। आरोपी ने पूरी तरह महिला दिखने के लिए सलवार-सूट, आंखों में काजल और होंठों पर लिपस्टिक लगा रखी थी।
पूछताछ: सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम गोलू गुर्जर बताया और कबूल किया कि वह पुलिस से बचने के लिए भेष बदलकर घूम रहा था।
इस कार्यवाही में थानाधिकारी करण सिंह राठौड़, सहायक उप निरीक्षक फजरुद्दीन, कांस्टेबल रघुवीर सिंह, रिन्कू तिवारी, धारासिंह (चालक) और विष्णु कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना की है।
#RajasthanPolice #SawaiMadhopur #GangapurCity #CrimeNews #GoluGurjar #PoliceAction #BreakingNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.