जीएम का बयान बेअसर, कोटा मंडल में बेलगाम हुए अवैध वेंडर

जीएम का बयान बेअसर, कोटा मंडल में बेलगाम हुए अवैध वेंडर

कोटा, 11 अप्रैल: पश्चिम-मध्य रेलवे की महाप्रबंधक (जीएम) शोभना बंदोपाध्याय के अवैध वेंडरों पर कार्रवाई के बयान का कोटा मंडल में कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। स्थिति यह है कि जीएम के बयान के बाद भी मंडल के स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध वेंडरों की संख्या पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।

गर्मी के मौसम और स्पेशल ट्रेनों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ अवैध वेंडरों का बोलबाला भी बढ़ता जा रहा है। मंडल के हर स्टेशन और हर ट्रेन में ये अवैध वेंडर दिन-रात खुलेआम घूमते और सामान बेचते नजर आते हैं। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों को यह सब दिखाई नहीं देता, जबकि ये वेंडर उनके कार्यालयों के सामने भी तेज आवाज में खाद्य सामग्री बेचते हैं।

मारपीट करने वाले वेंडर भी सक्रिय:

हाल ही में बयाना स्टेशन पर एक स्टॉल संचालक के साथ मारपीट करने वाले अवैध वेंडर भी फिर से सक्रिय हो गए हैं। इस घटना के बावजूद इन अवैध वेंडरों का धंधा एक भी दिन नहीं रुका, जिससे उनके हौसले और बुलंद हो गए हैं और अब उनकी संख्या में और इजाफा हो गया है।

औपचारिकता बना जीएम का बयान:

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते कोटा मंडल के दौरे पर आईं जीएम शोभना बंदोपाध्याय ने भरतपुर में मीडिया के सवालों के जवाब में अवैध वेंडरों के मामलों को दिखवाने की बात कही थी। हालांकि, उनका यह बयान इन अवैध वेंडरों पर कोई प्रभाव नहीं डाल सका है। वे पहले की तरह ही आपसी मिलीभगत से अपना धंधा चला रहे हैं, जिससे जीएम का बयान महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है।

अवैध वेंडरों की वजह से न केवल आपसी मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं, बल्कि यात्रियों को भी कई बार भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्टेशनों पर मौजूद लाइसेंसधारी वेंडरों को भी हर महीने लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन इस समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।

अदृश्य को पकड़ने में दिखाई दिलचस्पी:

अवैध वेंडरों के नियंत्रण के लिए जिम्मेदार विभाग को पूरे जोन में हजारों की संख्या में दिन-रात खुलेआम चल रहे ये वेंडर भले ही नजर न आएं, लेकिन इस विभाग ने भ्रष्टाचारियों की सूचना देने वालों की तलाश में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है, जो कहीं न कहीं उनकी प्राथमिकता पर सवाल खड़े करता है।

#अवैधवेंडर #कोटा #रेलवे #जीएम #शोभनाबंदोपाध्याय #भ्रष्टाचार #लापरवाही #यात्रीपरेशान #मारपीट

G News Portal G News Portal
303 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.