धौलपुर लूटकांड का मास्टरमाइंड हंसा गुर्जर गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामी बदमाश

धौलपुर लूटकांड का मास्टरमाइंड हंसा गुर्जर गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामी बदमाश

धौलपुर: धौलपुर जिले के बहुचर्चित सर्राफा व्यापारी अनिल बंसल लूटकांड का मास्टरमाइंड और 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश हंसा उर्फ हंसराम गुर्जर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। बाड़ी कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी निधारा गांव का रहने वाला है और वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने इस लूटकांड में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

बाड़ी थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा ने इस गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि यह लूट की घटना 28 अप्रैल 2025 की देर शाम हुई थी। सर्राफा व्यापारी अनिल कुमार बंसल अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी रेलवे क्रॉसिंग के पास घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने डंडे से उनकी स्कूटी रोककर हमला कर दिया था। बदमाशों ने व्यापारी से लगभग 600 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण और करीब 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। इस दौरान बदमाशों ने व्यापारी को गोली भी मारी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने व्यापारी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी हंसा गुर्जर घटना के बाद से ही फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो रहा था। आखिरकार रविवार को पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे बाड़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा ने यह भी बताया कि हंसा गुर्जर के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, लूट, चोरी, नकबजनी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और इस लूटकांड में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।

#धौलपुर #लूटकांड #गिरफ्तारी #हंसागुर्जर #सर्राफाव्यापारी #पुलिस #इनामीबदमाश

G News Portal G News Portal
393 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.