कोटा। डीआरएम अनिल कालरा ने सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में डमी अभ्यर्थी के जरिए रेलवे में नौकरी हासिल करने के मामले में कहा कि जांच अभी जारी है। शुरुआती जांच में नाम सामने आने पर कैरिज एंड वैगन विभाग में हेल्पर सपना मीणा, सोगरिया स्टेशन पर पॉइंट्मैन आशा मीणा और गार्ड राजेंद्र मीणा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। फिलहाल तीनों निलंबित हैं।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी और अधिकारी या कर्मचारी की भी मिलीभगत सामने आती है तो निश्चित रूप से उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में सीबीआई ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। इस जांच के दौरान भी यदि कोई सूचना सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ रेलवे द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सीबीआई द्वारा इस मामले में आरोपियों के कोटा, करौली, अलवर और दिल्ली स्थित आवास पर छापामार कार्रवाई कर चुकी है। इस कार्रवाई में सीबीआई के हाथ फर्जी नौकरी घोटाले के पर्याप्त सबूत हाथ लगे हैं।
अधिकारी की है मिलीभगत:
यह मामला पिछले कई महीनों से लगातार गर्माया हुआ है। इस पूरे मामले में एक बड़े अधिकारी का नाम सामने आ रहा है। सीबीआई ने भी अज्ञात के नाम से इस अधिकारी पर केस दर्ज किया है। सबसे पहले 30 सितंबर के अंक में दैनिक समाचार पत्र 'जननायक' द्वारा ही इस मामले का खुलासा किया गया था।
कुंभ के लिए कोटा से तीन ट्रेनें:
महाकुंभ में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ पर कालरा ने कहा कि प्रयागराज के लिए कोटा से तीन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में इन ट्रेनों से यात्री लौट भी रहे हैं।
कालरा ने रेलमंत्री के हवाले से स्टेशन बंद होने की खबर का खंडन करते हुए कहा कि प्रयागराज जंक्शन सहित प्रयागराज क्षेत्र के सभी आठ स्टेशनों से पहले की तरह ट्रेनों का संचालन लगातार जारी है। रविवार को इन स्टेशनों से 330 और सोमवार दोपहर 3 बजे तक 201 ट्रेनें चलाई गईं। रविवार को चली 330 ट्रेनों के माध्यम से 12 लाख 50 हजार यात्रियों को उनके घरों तक पहुंचाया गया। इन स्टेशनों से करीब हर चार मिनट में एक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
माघी पूर्णिमा के अमृत स्नान से पहले इन ट्रेनों की एक रेक एक ही यात्रा में औसतन 3780 यात्रियों की सेवा कर रही है। लेकिन इसके बाद भी भीड़ कम नहीं हो रही। रेलवे अधिकारी पूरी स्थिति पर लगातार निगाह रखे हुए हैं।
कोटा में 23 लाख यात्री सफर:
जनवरी के एक महीने में ही कोटा रेल मंडल में 23 लाख 30 हजार यात्री विभिन्न ट्रेनों में सफर कर चुके हैं। इनमें जनरल कोच यात्रियों की संख्या 16 लाख 95 हजार तथा आरक्षित यात्रियों की संख्या 6 लाख 35 हजार रही। इससे कोटा मंडल को 48 करोड़ 15 लाख रुपए की आय हुई। इसके अलावा कोटा मंडल को अन्य कोचिंग से 2.83 करोड़, माल परिवहन से 78.42 तथा विविध आय से 2 करोड़ का राजस्व मिला। इस तरह कोटा मंडल को कुल 131.39 करोड़ रुपए की आय हुई।
#सपना_मीणा_मामला #रेलवे_भर्ती_घोटाला #सीबीआई_जांच #डीआरएम_कोटा #प्रयागराज_कुंभ #कोटा_रेल_मंडल
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.