सोगरिया पार्किंग में अवैध वसूली: "36 लाख में ठेका लिया है, पैसे तो देने पड़ेंगे!"

सोगरिया पार्किंग में अवैध वसूली: "36 लाख में ठेका लिया है, पैसे तो देने पड़ेंगे!"

 

कोटा। कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन पर पार्किंग स्टैंड पर वाहन चालकों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शुक्रवार को भी ऐसी ही एक घटना देखने को मिली, जहाँ यात्रियों से जबरन किराया वसूला जा रहा है और किराया न देने पर धमकाया जा रहा है। इस मामले में रेलवे प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

एक यात्री ने डीआरएम को शिकायत में बताया कि वह सोगरिया स्टेशन पर अपनी कार से परिवार को लेने गया था। कुछ ही मिनटों में परिवार को कार में बिठाकर वह वापस लौट रहा था, लेकिन राधा रानी इंटरप्राइजेज नामक ठेका फर्म के कर्मचारियों ने उसकी कार को जबरन रोक लिया और किराया मांगने लगे। वाहन चालक ने स्पष्ट किया कि उसने अपनी कार पार्क नहीं की है और वह केवल परिजनों को लेने आया था और तुरंत लौट रहा है।

इसके बावजूद, ठेका कर्मचारियों ने कहा कि किराया वसूले बिना वे कार को आगे नहीं जाने देंगे। कर्मचारियों ने कहा, "हमने 36 लाख रुपये में यह ठेका लिया है। पैसे तो देने ही पड़ेंगे। यहां एक ही ट्रेन आती है, ऐसे में हमें नुकसान होता है।" इसके बाद, उन्होंने यात्री से जबरन 20 रुपये वसूल लिए।


रेलवे बोर्ड के निर्देशों की अनदेखी

गौरतलब है कि रेलवे बोर्ड ने पिछले दिनों ही यात्रियों से अवैध वसूली पर मंडल अधिकारियों को वाहन पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, वाहन पार्किंग स्टैंडों पर अवैध वसूली बदस्तूर जारी है। यात्रियों को प्रशासन की तरफ से भी ठोस कार्रवाई का इंतजार है।


पिकअप से भी वसूल रहे किराया

इसी बीच, यह भी जानकारी मिल रही है कि ठेकेदार द्वारा पिकअप वाहनों से भी किराया वसूला जा रहा है, जबकि पिकअप वाहनों से किराया वसूलने का कोई प्रावधान नहीं है।


प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

वाहन चालक की शिकायत पर रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद ही मामले में कोई कार्रवाई की जाएगी। जांच जन परिवाद निरीक्षक को सौंपी गई है।

#Kota #SogariaStation #IllegalParkingFee #Extortion #RailwayParking #PassengerExploitation #DRM #RailwayBoard #KotaNews #Corruption

G News Portal G News Portal
222 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.