आयकर विभाग का एमटीएस ₹10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

आयकर विभाग का एमटीएस ₹10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ए.सी.बी.) ने आज आयकर विभाग, जयपुर रेंज-प्रथम के एक मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को ₹10,000/- की रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ा गया है।

एसीबी ने रंगे हाथों किया गिरफ्तार

ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देशों पर, ए.सी.बी. चौकी जयपुर नगर तृतीय इकाई द्वारा यह कार्रवाई की गई। ए.सी.बी. ने विष्णु पारीक, जो पुलिस थाना-झोटवाडा, जयपुर का निवासी है और आयकर विभाग, रेंज-प्रथम में एमटीएस के पद पर कार्यरत है, को ₹10,000/- की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी जयपुर नगर तृतीय को एक शिकायत मिली थी।

यह था मामला

शिकायत के अनुसार, परिवादी की फर्म साकेत जैम्स के आयकर रिटर्न वर्ष 2014-15 के संबंध में आयकर अपीलीय अधिकरण न्यायपीठ जयपुर ने जून 2024 में एक फैसला दिया था। इस फैसले में परिवादी को करीब ₹58 लाख आयकर विभाग को लौटाने का आदेश दिया गया था।

  • आयकर विभाग द्वारा परिवादी को करीब ₹40 लाख पहले ही लौटा दिए गए थे।

  • शेष राशि अन्य अपील में होल्ड कर दी गई थी।

आरोपी विष्णु पारीक ने ₹40 लाख लौटाये जाने और शेष अपील के रुपये दिलाने की एवज में ₹15,000/- रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत मांग के सत्यापन के दौरान, आरोपी ₹5,000/- पहले ही प्राप्त कर चुका था।

एसीबी उप महानिरीक्षक-द्वितीय जयपुर श्री आनन्द शर्मा के सुपरविजन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में, श्री सुरेश कुमार स्वामी उप अधीक्षक पुलिस और अन्य की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु पारीक को ₹10,000/- रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों धर दबोचा।

आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तार आरोपी विष्णु पारीक से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है। ए.सी.बी. द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।

 

#जयपुर #ACBट्रेप #आयकरविभाग #रिश्वतखोरगिरफ्तार #भ्रष्टाचारनिरोधकब्यूरो #विष्णु पारीक #सरकारीबाबू #रंगेहाथोंगिरफ्तार #जयपुरपुलिस #AntiCorruption

G News Portal G News Portal
144 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.