कोटा: शामगढ़ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और भवानीमंडी सिविल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार रात को भवानीमंडी स्टेशन परिसर से 38 किलो 880 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया है। जब्त किए गए डोडा चूरे की अनुमानित कीमत 6 लाख 10 हजार रुपए है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, भवानीमंडी थाना निरीक्षक रमेश चंद्र मीणा और आरपीएफ जवान अरुण कौशिक व राजकुमार शर्मा स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान पुलिस को चार बैगों के साथ दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पूछताछ करने पर दोनों घबरा गए, जिससे पुलिस को उन पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उनके बैगों से अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कमल सिंह (23) और राजेन्द्र सिंह परिहार (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में उनका एक साथी तारा सिंह फरार है। ये तीनों आरोपी ढाबला आन्जना, पुलिस थाना बडोद, जिला आगर मालवा के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 38 किलो 800 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 6 लाख 10 हजार रुपए है। पुलिस अब फरार आरोपी तारा सिंह की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं।
हैशटैग: #भवानीमंडी #डोडाचूरा #जब्ती #गिरफ्तारी #आरपीएफ #सिविलपुलिस #मादकपदार्थ #तस्करी #कोटा #राजस्थानपुलिस
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.