जयपुर/जैसलमेर। राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तानी ड्रोन हमलों की कोशिशों को लेकर प्रदेश के सियासी गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारतीय सेना के जोश और जज्बे के आगे आतंकियों के लिए कोई राहत नहीं है। वहीं, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और आम लोगों की मदद करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
गौरतलब है कि गुरुवार रात पाकिस्तान की ओर से जैसलमेर और श्रीगंगानगर में कुल 56 ड्रोन हमलों को अंजाम देने की कोशिश की गई थी, जिसे भारतीय वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस सिस्टम) ने सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। हालांकि, इन हमलों में किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि की कोई सूचना नहीं है। इस दौरान पोकरण में भी धमाकों की आवाजें सुनाई दी थीं।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन हमलों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजस्थान की एक हजार किलोमीटर से भी लंबी सीमा पाकिस्तान से लगती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान ने जैसलमेर में अपने नापाक इरादे दिखाए और ड्रोन से हमला करने की कोशिश की, वह निंदनीय है। जूली ने भारतीय एंटी मिसाइल सिस्टम की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी एडवांस टेक्नोलॉजी वाले हथियारों ने ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी सेना पूरी मजबूती के साथ दुश्मन का मुकाबला करने के लिए तैयार है और पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
जूली ने प्रदेश के लोगों से आह्वान किया कि वे सेना के लिए जो भी सहयोग कर सकते हैं, सैनिकों के सम्मान के लिए अवश्य करें। उन्होंने कहा कि वे लगातार कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के संपर्क में हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आतंकियों और उन्हें पनाह देने वालों का इलाज होना चाहिए।
वहीं, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने जैसलमेर में मिसाइल और ड्रोन हमले की कोशिशों पर कहा कि कल पाकिस्तान द्वारा जैसलमेर और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिकों पर हमला करने के लिए भेजे गए ड्रोन को भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया।
बेढ़म ने सीमा के आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रिक्त प्रशासनिक पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और राज्य पुलिस तथा आरएसी कंपनियों को भी तैनात किया गया है। बेढ़म ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य सरकार सीमा पर तैनात सेना के जवानों, सैन्य बलों और वहां के आम लोगों की हर संभव मदद करेगी और सुरक्षा में कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
#राजस्थान #सीमावर्तीजिले #ड्रोनहमला #पाकिस्तान #टीकारामजूली #जवाहरसिंहबेढ़म #सुरक्षा #सेना #एयरडिफेंससिस्टम #नापाकहरकत
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.