हिंडौन सिटी में चोरों ने एक बार फिर अपना आतंक मचाया है। शादी समारोह में गए परिवार के सूने मकानों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। यह घटना पांडा का कुआं कृष्णा कॉलोनी में घटित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित भरत लाल शर्मा एवं उनके जीजा रविंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ अपने चाचा की बच्ची की शादी में गए हुए थे। इसी दौरान रात करीब 10 से 11 बजे के बीच चोरों ने दोनों मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
थाना कोतवाली प्रभारी सुन्नीलाल मीणा को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी करवाई। हालांकि, जब तक पुलिस पहुंची, तब तक चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
बीट प्रभारी एएसआई दिनेश चंद शर्मा ने बताया कि उन्हें रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच सूचना मिली कि कृष्णा कॉलोनी में दो मकानों में चोरी हुई है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें पता चला कि भरत लाल शर्मा के घर से 80,000 रुपये नगद, 250 ग्राम चांदी की पाजेब, 15 जोड़ी चांदी की चूड़ियां, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, 2 जोड़ी तोड़िया, 250 ग्राम की कमर कौंधनी, 8 चांदी के सिक्के एवं स्वर्ण आभूषण जैसे कुंडल, टॉप्स, नथ, टीका आदि चोरी हुए हैं।
वहीं, दूसरे पीड़ित रविंद्र शर्मा के मकान से 10,000 रुपये नगद की चोरी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
#हिंडौन_सिटी #चोरी #शादी_के_दौरान_वारदात
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.