करौली | हिंदू नववर्ष (नवसंवत्सर) के अवसर पर 2 अप्रैल 2022 को करौली में निकाली गई रामनवमी शोभायात्रा व बाइक रैली पर पूर्व नियोजित तरीके से पथराव, आगजनी और साम्प्रदायिक हिंसा फैलाने के मास्टरमाइंड आरोपी कुख्यात सट्टा किंग अमीनुद्दीन खान को करौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उपजिला कारागृह हिण्डौन सिटी से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
करौली पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। एसपी सोनवाल ने पत्रकारों को बताया कि 2 अप्रैल 2022 को हुई हिंसा में दोनों समुदायों के करीब 30 लोग घायल हुए थे, जबकि करीब 80 लोगों की निजी व सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया था। इस मामले में अब तक 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार रामनवमी के दिन रैली आयोजक नीरज शर्मा और साहब सिंह गुर्जर के नेतृत्व में बाइक रैली रामद्वारा करौली से शाम करीब 4 बजे रवाना हुई थी। रैली अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए जब फूटाकोट और हटवाड़ा क्षेत्र में पहुंची, तभी पहले से छतों पर छिपे उपद्रवियों ने अचानक पथराव कर दिया। इससे भगदड़ मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच में सामने आया कि हमलावरों ने चेहरे ढंक रखे थे और पथराव के बाद लाठी-डंडों से भी जानलेवा हमला किया गया। उपद्रवियों ने पुलिस जाब्ते पर भी हमला कर सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त किया और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना से तीन दिन पहले वर्ग विशेष की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें रैली पर हमला करने की योजना बनाई गई। गिरफ्तार आरोपियों जियाउद्दीन और फिरोज की पूछताछ में इस साजिश का खुलासा हुआ, जिसमें अमीनुद्दीन की भूमिका सामने आई।
तकनीकी साक्ष्यों में ऑडियो कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल वीडियो, स्क्रीनशॉट और लोकेशन डेटा से यह पुष्टि हुई कि घटना के समय अमीनुद्दीन मौके पर मौजूद था। इसके अलावा, गवाहों ने भी दंगे में उसकी उपस्थिति की पुष्टि की है। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर घटनास्थल की सफाई कराकर साक्ष्य नष्ट करवाए।
आरोपी अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन, निवासी वार्ड नंबर 34, करौली के खिलाफ कोतवाली करौली, रामगंज (उत्तर) जयपुर, कोतवाली गंगापुर और कोतवाली हिण्डौन सिटी में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जुर्म प्रमाणित पाए जाने पर उसे 2 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य साजिशकर्ताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
#KarauliViolence
#AminuddinArrested
#RamNavamiRiot
#KarauliPolice
#SP_LokeshSonwal
#CommunalViolence
#RajasthanNews
#HindaunCity
#BreakingNews
#HindiNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.