नाबालिक का अपहरण: भवानीमंडी में ट्रेन से पकड़ा आरोपी, कोटा पुलिस को सौंपा

नाबालिक का अपहरण: भवानीमंडी में ट्रेन से पकड़ा आरोपी, कोटा पुलिस को सौंपा

Rail News: कोटा। देहरादून से नाबालिक के अपहरण के मामले में एक आरोपी को शुक्रवार देर रात भवानीमंडी आरपीएफ ने ट्रेन से पकड़ लिया। आरोपी के साथ नाबालिक को भी बरामद किया गया। शनिवार को कोटा पहुंची देहरादून पुलिस को आरपीएफ ने आरोपी को सौंप दिया, जबकि नाबालिक को चाइल्ड कमेटी के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद नाबालिक को नांता स्थित चाइल्ड केयर सेंटर भेज दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ परिजन भी कोटा पहुंचे।

घटना का विवरण

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक 24 वर्षीय युवक 14 साल की नाबालिक को लेकर फरार हो गया है। परिजनों ने 26 दिसंबर को उत्तराखंड के देहरादून स्थित सहरसा थाने में युवक के खिलाफ नाबालिक के अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

कोटा मंडल के सभी स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी ने फोटो के आधार पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर युवक और नाबालिक की तलाश शुरू की। शुक्रवार रात करीब 10 बजे भवानीमंडी स्टेशन पर पहुंची मुंबई-वैष्णोदेवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस के सामान्य कोच में युवक-नाबालिक को देख लिया गया। इसके बाद आरपीएफ ने दोनों को भवानीमंडी स्टेशन पर ही ट्रेन से उतार लिया।

रात में पहुंचे कोटा

नाबालिक का मामला होने के कारण आरपीएफ दोनों को रात में ही दूसरी ट्रेन से कोटा लेकर पहुंची। सुबह 6 बजे नाबालिक को चाइल्ड लाइन कमेटी के समक्ष पेश किया गया और उसे चाइल्ड लाइन भेज दिया गया। सूचना पर सहरसा थाना पुलिस और परिजन भी मात्र 13 घंटे में बाई रोड कोटा पहुंचे। आरपीएफ ने आरोपी युवक को सहरसा थाना पुलिस के हवाले कर दिया और नाबालिक को परिजनों से मिलवाया।

रातभर चला हंगामा

मामला संवेदनशील होने के कारण भवानीमंडी स्टेशन पर रातभर हंगामा मचा रहा। कुछ लोग युवती को लेकर आरपीएफ से बहस करने लगे। संगठनों की जानकारी पर कुछ अन्य लोग भी युवक-नाबालिक को तलाशते हुए स्टेशन पहुंच गए। भवानीमंडी स्टेशन पर आरपीएफ कांस्टेबल की गैरमौजूदगी ने मामले को और उलझा दिया।

आरपीएफ ने स्थिति संभालते हुए तुरंत दोनों को कोटा रवाना किया। कोटा पोस्ट पर महिला आरपीएफ जवानों की तैनाती होने के कारण मामले को सावधानीपूर्वक हैंडल किया गया।

अलग-अलग समुदाय का मामला

सूत्रों के अनुसार, युवक और नाबालिक अलग-अलग समुदाय के हैं, जिसके चलते मामला और अधिक संवेदनशील हो गया। आरपीएफ ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी कदम सावधानीपूर्वक उठाए।

G News Portal G News Portal
400 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.