‘किरोड़ी लाल मीणा का होने वाला था एनकाउंटर’: पूर्व सीएम शिवचरण माथुर की बेटी वंदना माथुर ने किया पलटवार

‘किरोड़ी लाल मीणा का होने वाला था एनकाउंटर’: पूर्व सीएम शिवचरण माथुर की बेटी वंदना माथुर ने किया पलटवार

जयपुर: राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर के कार्यकाल को लेकर बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा द्वारा लगाए गए एनकाउंटर की मंशा संबंधी आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। इन आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर की बेटी वंदना माथुर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

वंदना माथुर की प्रतिक्रिया: ‘मेरे पिता स्वच्छ राजनीति के प्रतीक थे’

शुक्रवार को प्रेस वार्ता में वंदना माथुर ने गोपाल शर्मा के दावे को पूरी तरह निराधार बताया और उनसे बयान का खंडन करने व माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा, “मेरे पिता स्वच्छ राजनीति के प्रतीक थे। वे स्वतंत्रता सेनानी थे और ईमानदारी व प्रशासनिक क्षमता के कारण जनता ने उन्हें बार-बार चुना। गांधीवादी मूल्यों से ऊपर उन्होंने कभी किसी को तरजीह नहीं दी।”

वंदना माथुर ने आगे कहा कि विधायक गोपाल शर्मा पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं और उन्हें इतिहास की पूरी जानकारी नहीं है। शिवचरण माथुर अब इस दुनिया में नहीं हैं, ऐसे में 35 साल बाद इस तरह के आरोप लगाने का कोई औचित्य नहीं है। प्रेस वार्ता में उनके साथ पूर्व सीएम की दोहिती विभा माथुर भी मौजूद थीं।

कांग्रेस ने भी आरोपों को बताया निराधार

कांग्रेस ने इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करते हुए बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा के आरोपों को खारिज कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा एक सम्मानित नेता हैं और उनके खिलाफ इस तरह के आरोप पूरी तरह गलत हैं।

क्या कहा था विधायक गोपाल शर्मा ने?

हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा ने दावा किया था कि शिवचरण माथुर सरकार के समय बीजेपी के दो विधायकों— किरोड़ी लाल मीणा और हरीश शर्मा के एनकाउंटर की योजना थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने किरोड़ी लाल मीणा को इतना प्रताड़ित किया कि वे करवट भी नहीं बदल सकते थे। उन्होंने कहा कि यह साजिश भैरोंसिंह शेखावत की वजह से नाकाम हुई थी।

किरोड़ी लाल मीणा ने दी प्रतिक्रिया

गोपाल शर्मा के दावे पर खुद किरोड़ी लाल मीणा ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि “गोपाल शर्मा ने सही कहा। कांग्रेस सरकार ने मेरे एनकाउंटर की तैयारी कर ली थी। उस समय मैं महुआ से विधायक था और हरीश शर्मा खानपुर से विधायक थे। हम जनता के मुद्दों पर आंदोलन कर रहे थे, और तभी भैरोंसिंह शेखावत ने हमें इस साजिश की जानकारी दी। उन्होंने डीआईजी सिक्योरिटी को चेतावनी भी दी थी।”

उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही इस पूरे मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

राजनीतिक माहौल गर्माया

इस मुद्दे को लेकर राजस्थान की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब देखना होगा कि गोपाल शर्मा अपने बयान पर कायम रहते हैं या फिर कोई स्पष्टीकरण देते हैं।

#RajasthanPolitics #ShivcharanMathur #GopalSharma #KiroriLalMeena #BJPVsCongress #PoliticalControversy

G News Portal G News Portal
1072 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.