कोटा। रक्षाबंधन के त्यौहार के कारण शुक्रवार को कोटा और सोगरिया रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ का नजारा देखने को मिला। सोगरिया स्टेशन पर तो हालात इस कदर बिगड़ गए कि वाहनों के भीषण जाम के कारण दर्जनों यात्रियों की सोगरिया-नई दिल्ली ट्रेन (20451) छूट गई। कई यात्रियों ने इस अव्यवस्था की शिकायत भी की है।
यात्रियों ने बताया कि भागलपुर-अजमेर ट्रेन (13423) के सोगरिया पहुंचने से समस्या और भी गंभीर हो गई। यह ट्रेन दोपहर बाद 3:50 बजे सोगरिया स्टेशन पहुंची थी और ठीक उसके बाद 4:15 बजे सोगरिया-नई दिल्ली ट्रेन के चलने का समय था। ऐसे में स्टेशन आने-जाने वाले यात्री रास्ते में ही फंस गए। देखते ही देखते स्टेशन से लेकर वर्कशॉप गेट तक करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम की स्थिति इतनी विकट थी कि सोगरिया से आने वाले लोग भी वर्कशॉप रोड पर नहीं आ सके और उन्हें पूनम कॉलोनी होते हुए स्टेशन पहुंचना पड़ा।
सामान उठाकर भागे यात्री, ट्रेन की हुई चेन पुलिंग
जाम खुलता न देख कई यात्री अपना सामान उठाकर स्टेशन की तरफ दौड़ते नजर आए, लेकिन जाम इतना भीषण था कि पैदल निकलने की भी जगह नहीं थी। इस कारण बड़ी संख्या में यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाए और उनकी ट्रेन छूट गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि इतना लंबा जाम उन्होंने पहली बार देखा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और पुलिस जवानों ने जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन जाम खुलने तक ट्रेन निकल चुकी थी।
यात्रियों के न पहुंच पाने के कारण ट्रेन में चेन पुलिंग भी हुई, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन दोबारा रवाना हो गई। स्टेशन स्टाफ ने बताया कि भारी भीड़ के चलते पूरी ट्रेन 'जनरल' बनी हुई थी। आरक्षण होने के बावजूद भी एसी कोचों में यात्रियों को चढ़ने तक की जगह नहीं मिली। अत्यधिक भीड़ के कारण भी कई यात्री स्टेशन पर ही रह गए।
सिग्नल के बावजूद खड़ी रही भागलपुर ट्रेन, DRM ने संभाला मोर्चा
सोगरिया स्टेशन पर भीड़ के कारण भागलपुर-अजमेर ट्रेन के लिए लाइन बॉक्स समय पर नहीं पहुंच सका। इसके चलते सिग्नल होने के बाद भी भागलपुर ट्रेन रवाना नहीं हो पाई। बाद में भागलपुर ट्रेन का सिग्नल गिराकर सोगरिया-नई दिल्ली ट्रेन को पहले रवाना किया गया। इसके बाद लाइन बॉक्स पहुंचने पर भागलपुर ट्रेन लगभग 25 मिनट की देरी से रवाना हुई।
कोटा स्टेशन पर भी दिन भर जाम के हालात बने रहे। रात को तो व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई, और स्टेशन से लेकर भीमगंजमंडी थाने तक लगातार जाम लगा रहा। भीड़ के कारण यहां भी कई लोगों की ट्रेनें छूटीं। देहरादून, दयोदय और इंटरसिटी जैसी ट्रेनों में भारी भीड़ देखी गई।
अव्यवस्था की सूचना मिलने पर देर रात कोटा स्टेशन पर DRM (मंडल रेल प्रबंधक) अनिल कालरा ने खुद मोर्चा संभाला। वे आरपीएफ जवानों के साथ सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
#कोटारेलवे #राखीकीभीड़ #ट्रेनछूटी #सोगरियाजाम #DRMइनएक्शन #रेलवेअव्यवस्था
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.