कोटा: लाखेरी-लबान स्टेशन के बीच सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां ट्रेन से कटकर एक वृद्धा की मौत हो गई। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस हादसे के लिए तीन साल से बंद पड़े ओवरब्रिज निर्माण कार्य में देरी को जिम्मेदार ठहराया है।
मृतका की पहचान रामगंज की झोपड़ियां की रहने वाली जगनाथी बाई गुर्जर (80 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जगनाथी अपने आधार की केवाईसी कराने ई-मित्र केंद्र गई थीं। लौटते समय, बंद रेलवे क्रॉसिंग गेट पर उन्होंने डाउन लाइन से एक ट्रेन को गुजरते देखा। ट्रेन निकलते ही जगनाथी जल्दबाजी में गेट के नीचे से पटरी पार कर रही थीं, तभी वह नई दिल्ली-सोगरिया ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर कोटा जीआरपी ने पंचनामा तैयार कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के मना करने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम नहीं करवाया।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। पूर्व सरपंच साहब लाल, लबान सरपंच बुद्धि प्रकाश मीणा और महेंद्र नरवाल कृपाल यादव ने कहा कि यह हादसा ओवरब्रिज निर्माण में देरी का सीधा परिणाम है।
उन्होंने बताया कि यहां ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है। यदि ओवर ब्रिज का काम समय पर पूरा हो जाता, तो जगनाथी को बंद क्रॉसिंग से पटरी पार नहीं करनी पड़ती और उनकी जान नहीं जाती। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द ओवरब्रिज का काम पूरा करने की मांग की है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.