नागौर/मकराना: राजस्थान के नागौर जिले में शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। जयपुर से जोधपुर जा रही ट्रेन संख्या 22977 के इंजन में मकराना और मेड़ता रोड के बीच गोटन के पास अचानक धुआं उठने लगा। लोको पायलट की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रेन में सवार मकराना निवासी अधिवक्ता सोनम दाधीच ने बताया कि इंजन से धुआं निकलता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के अचानक रुकने से यात्री घबराकर बोगियों से नीचे उतरने लगे। हालांकि, लोको पायलट और तकनीकी कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
आग बुझने के बाद यात्री करीब दो घंटे तक गोटन स्टेशन से पहले भूखे-प्यासे इंतजार करते रहे। इसके बाद रेलवे द्वारा एक नया इंजन मौके पर भेजा गया, जिसके बाद ट्रेन को जोधपुर के लिए रवाना किया जा सका।
रेलवे मंडल प्रबंधक ने घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, लोको पायलट और तकनीकी स्टाफ से फोन पर जानकारी ली और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर इंजन में तकनीकी खराबी को धुएं का कारण माना जा रहा है।
#ट्रेन_हादसा #आग #लोको_पायलट #नागौर #मकराना #जयपुर_जोधपुर_ट्रेन #रेलवे #सुरक्षा