RBM Hospital Bharatpur:: संभाग के सबसे बड़े आरबीएम अस्पताल में शराब पार्टी का मामला सामने आया है। रामाश्रय वार्ड में कर्मचारियों के शराब पीते और सिगरेट पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में क्या है?
वीडियो में करीब पांच लोग रोगियों के बेड पर बैठकर शराब पीते और सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। ये लोग एनजीओ के जरिए अस्पताल में निश्चित मानदेय पर सेवा देने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रशासन की लीपापोती?
आश्चर्य की बात यह है कि शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद भी जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामला जिला कलक्टर के पास भी पहुंचा, लेकिन देर रात तक जांच की बात भी सिर्फ खानापूर्ति बनी रही। ऐसे में यह मामला अब सीएमओ तक पहुंचा है। जहां जिम्मेदार अधिकारियों की जांच के नाम पर खानापूर्ति को लेकर भी सवाल उठाया गया है।
पहले भी हो चुकी है घटनाएं?
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि यह कमरा लंबे समय से शराबखोरी का अड्डा बना हुआ है। सूत्रों का यह भी दावा है कि सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, बल्कि कुछ अधिकारी और डॉक्टर भी समय-समय पर यहां शराब पार्टी करते रहे हैं। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अस्पताल प्रशासन का क्या कहना है?
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद आरबीएम अस्पताल के पीएमओ डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने इसे अस्पताल की छवि धूमिल करने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि वीडियो में कुछ हिस्से रामाश्रय वार्ड के जरूर हैं, लेकिन जहां शराब पार्टी हो रही है, वह स्थान स्पष्ट नहीं है। उनका कहना है कि यह वीडियो एडिटेड हो सकता है और इसे रंजिशन फैलाया गया है। लेकिन फिर भी जांच के आदेश दे दिए हैं। पीएमओ का कहना है कि वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब पार्टी अस्पताल परिसर में ही हुई या नहीं। यदि पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोषियों को बचाने की कोशिश?
भले ही अस्पताल प्रशासन के जिम्मेदार की ओर से इस मामले को रंजिशन बताया गया हो, लेकिन हकीकत यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद खुद आरोपी पक्ष के ही लोग इस मामले को दबाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि वीडियो में शामिल लोग अस्पताल प्रबंधन के कुछ अधिकारियों के खास हैं। उन्हें बचाने के लिए जिले के एक बड़े अधिकारी से सिफारिश की गई है। अधिकारी ने उनके स्तर पर मामले का निस्तारण करने की बात कह डाली है। सूत्रों की माने तो इतना ही नहीं जहां यह कथित शराब पार्टी हुई है, वहां उस स्थान की लोकेशन भी बदली जा रही है।
#आरबीएमअस्पताल #शराबपार्टी #वीडियोवायरल #जांच #लापरवाही
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.